सीजन का सबसे गर्म दिन रहा शुक्रवार 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया मैक्सिमम टेम्प्रेचर

आगरा. दोपहर में धूप और शाम को धूल ने शहरवासियों को जमकर परेशान किया। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। सीजन का सबसे गर्म दिन शुक्रवार रहा। यहां मैक्सिमम टेम्प्रेचर बढ़कर 43.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे पूर्व 19 और 20 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आगरा प्रदेश के गरम शहरों में तीसरे स्थान पर रहा।

सुबह से दिखे सूरज के तेवर
शुक्रवार को सुबह से ही सूरज ने आंखें दिखाना शुरू कर दिया। सुबह नौ बजे से ही धूप चुभने लगी थी। दिन चढऩे के साथ ही सूरज के तेवर भी तल्ख होते चले गए। दोपहर 12 से दो बजे के बीच तो घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। धूप में त्वचा झुलस गई। लोगों ने जरूरी काम होने या फिर स्वयं को पूरी तरह कपड़ों से ढकने के बाद ही घर से बाहर निकलना पसंद किया।

दोपहर बाद बदला मौसम
दोपहर बाद बादल घिर आए। शाम को तेज हवा चलने से धूल उड़ती रही। धूल की वजह से राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। तेज हवा से होर्डिंग फट गए। मैक्सिमम टेम्प्रेचर गुरुवार की अपेक्षा 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। यह सामान्य तापमान से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था। मिनिमम टेम्प्रेचर में गुरुवार की अपेक्षा मामूली वृद्धि दर्ज की गई। शाम को बूंदाबांदी होने पर लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। मैक्सिमम टेम्प्रेचर में वृद्धि और मिनिमम टेम्प्रेचर में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 25 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।


प्रदेश में शहरों की स्थिति
क्रम, शहर, मैक्सिमम टेम्प्रेचर
1- प्रयागराज, 44.2
2- कानपुर 43.6
3- आगरा, 43.4

Posted By: Inextlive