RANCHI:इंडिगो की फ्लाइट(6ई 344) में सवार पैसेंजर्स पायलट की सूझबूझ से मंगलवार को बाल-बाल बच गए। फ्लाइट में लगभग 150 पैसेंजर्स सवार थे, जो बेंगलुरु व कोलकाता से रांची आ रहे थे। जानकारी के अनुसार, कोलकाता एयरपोर्ट से उड़ान भरने के 20-25 मिनट बाद ही पायलट को फ्लाइट में तकनीकी खराबी का अहसास हुआ, उसने तत्काल कोलकाता एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क किया और फ्लाइट को कोलकाता एयरपोर्ट पर ही उतार दिया। इस तरह फ्लाइट में सवार पैसेंजर्स को कोई नुकसान नहीं हुआ। वहीं,फ्लाइट के कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरने के बाद तकनीकी विशेषज्ञों ने जांच कर खराबी को दूर किया।

तीन घंटे देर रांची पहुंचा विमान

इसके बाद विमान ने कोलकाता एयरपोर्ट से रांची के लिए उड़ान भरी और लगभग 3:30 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा। विमान के रांची पहुंचने का निर्धारित समय 12:35 बजे है। विमान के विलंब से पहुंचने के कारण रांची से कोलकाता होते हुए बेंगलुरु के लिए जाने वाले इंडिगो के विमान (6ई 994) ने 4:20 बजे उड़ान भरी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से विमान के उड़ान भरने का निर्धारित समय 1:05 बजे था। इस प्रकार, कोलकाता से रांची आने वाला इंडिगो का विमान तीन घंटे विलंब से रांची पहुंचा और तीन घंटे 15 मिनट विलंब से उड़ान भरी।

वर्जन

विमान का पायलट रांची एटीसी के कंट्रोल से बाहर था। कोलकाता एयरपोर्ट से उड़ान भरने के 20-25 मिनट बाद ही पायलट को विमान में आई तकनीकी खराबी का आभास हुआ। पायलट ने तत्काल कोलकाता एटीसी से संपर्क कर विमान को कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड कराया। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

- विनोद शर्मा, निदेशक, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची

Posted By: Inextlive