सिरमटोली फ्लाईओवर का हाई टेक्नोलॉजी मशीन से हो रहा निर्माण कार्य. तय समय सीमा के अंदर तैयार करने का लक्ष्य.


रांची(ब्यूरो)। सिरमटोली से होते हुए राजेंद्र चौक तक बनने वाले फ्लाईओवर को मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। इसका निर्माण शुरू हो गया है। फ्लाईओवर बनाने का काम एलएंडटी कंपनी को दिया गया है। कंपनी ने फ्लाईओवर निर्माण में इस्तेमाल की जाने वाली मशीनें और इक्वीपमेंट्स मंगा ली है। सिरमटोली फ्लाईओवर के निर्माण में उच्च तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए मलेशिया से मोनो पाइलिंग रीग मशीन मंगायी गई है। शुरू में इससे छोटी मशीन बांग्लादेश से मंगाने की बात हो रही थी, लेकिन यहां जमीन के अंदर हैवी रॉक को देखते हुए हैवी मशीन मंगायी गई है, जिससे कि रॉक को ड्रिल कर उसमें पाइलिंग का काम किया जा सके। जल्द पूरा होगा काम


फ्लाईओवर का निर्माण करा रहे इंजीनियरों ने बताया कि हाई टेक्नोलॉजी से लैश मशीनों से निर्माण कार्य किया जा रहा है। इन मशीनों के इस्तेमाल से काम में तेजी आएगी। यह मशीन तेजी से जमीन के अंदर गड्ढा करती है। हार्ड रॉक को आसानी से काटती है, जिससे समय सीमा के अंदर ही फ्लाइओवर का निर्माण का काम पूरा हो जाएगा। जल्द ही रांचीवासी फ्लाईओवर के नए एहसास अनुभव कर सकेंगे। निर्माण पूरा होने के बाद कांटाटोली से रांची स्टेशन तक का सफर लोगों के लिए सुगम होगा।

कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण में भी तेजी कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण का कार्य में भी तेजी आई है। निर्माण कार्य में तेजी लाने को लेकर ही अब कांटाटोली फ्लाईओवर चौक में ट्रैफिक को वन-वे किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा निरीक्षण किए जाने के बाद सुस्त पड़े काम को रफ्तार मिली है। हालांकि, इस निर्माण से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। कांटा टोली जाने के रास्तों को डायवर्ट कर दिया गया है, जिस कारण अब कांटाटोली जाने वालों को समस्या का समाना करना पड़ रहा है। रूट की जानकारी प्रॉपर न होने से लोग ज्यादा परेशान हैं। वहीं, पब्लिक ट्रांसपोर्ट के चालक भी परेशान हैं, क्योंकि उन्हें अतिरिक्त चलना पड़ रहा है, लेकिन किराया पहले जितना ही मिल पा रहा है। लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर बनने से पहले रास्तों की प्रॉपर व्यवस्था करनी चाहिए। 78 करोड़ से कांके रोड से जुड़ेगा रातू रोड

कांके रोड को रातू रोड से जोड़ा जायेगा। इसे सीएमपीडीआई से गोंदा डैम के किनारे से होते हुए देवी मंडप रोड से जोड़ा जायेगा, जो आगे रातू रोड मुख्य मार्ग तक पहुंचेगा। करीब 4.52 किमी लंबी इस सड़क को बनाया जाएगा। जगह के अनुसार सड़क कहीं फोरलेन तो कहीं टू लेन की बनेगी। इसके लिए 78 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार किया गया है। पथ निर्माण विभाग ने इंप्रूवमेंट ऑफ राइडिंग क्वालिटी प्रोग्राम (आईआरक्यूपी) के तहत इस योजना को लिया है। रातू रोड से वाहनों का बोझ कम होगा। इस रोड के बन जाने से हेसल के लोगों को कांके रोड जाने के लिए रातू रोड आना नहीं पड़ेगा, बल्कि वे इस नई सड़क से 10 मिनट में कांके रोड चले जाएंगे। डैम के उस पार स्थित नवासोसो सहित अन्य मुहल्ले के लोग भी इस सड़क से कांके रोड निकल जाएंगे। जाम से कराह रही रांची
राजधानी रांची को जाम फ्री बनाने की भले कवायद चल रही है, लेकिन इसी कवायद ने रांची को जाम से परेशान कर रखा है। हर दिन रांची जाम से कराह रही है। सिटी के सभी प्रमुख सड़कें जाम रह रही हैं। वाहन दौड़ नहीं रहे बल्कि रेंग रहे हैं। इसके पीछे की बड़ी वजह मिस मैनेजमेंट है। सिटी में तीन प्रमुख सड़कों पर एक साथ फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन ट्रैफिक स्मूथ करने को लेकर पहले से कोई प्लानिंग नहीं की गई। काम शुरू होने के बाद आनन-फानन में रूट डायवर्ट किया गया है, जो आवागमन सुगम बनाने में नाकाफी साबित हो रहा है। रांची स्टेशन रोड से कांटाटोली की ओर आने वाले वाहनों को बिशप स्कूल की ओर जाने पर रोक लगा दी गई है। इस रूट पर चलने वाले वाहनों को बहूबाजार से बाएं कर्बला चौक की ओर डायवर्ट कर दिया गया है, लेकिन इस सड़क की स्थिति काफी दयनीय है। इससे लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जाम से निजात पाने के लिए सिरमटोली चौक से पटेल चौक तक जाने वाले बड़े वाहनों (मुख्य रूप से बस) पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

Posted By: Inextlive