RANCHI : शहर के बीचों बीच मेन रोड में चल रहे मटका के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यहां एक खंडहरनुमा घर में छापेमारी कर पुलिस ने मटका खेल रहे 14 युवकों को दबोच लिया। पकड़े जाने वालों में मटका खेला रहा बंटी भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए ज्यादातर लोग छोटे कारोबारी व मैकेनिक हैं। मौके पर से दस हजार रुपए नकद, कई मोबाइल फोन और मटका खेल में इस्तेमाल होने वाला चार्ट भी बरामद किया गया। इन सभी के खिलाफ गैंम्बलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

बनाई गई थी क्यूआरटी टीम

सिटी एसपी अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि मेन रोड में जोर-शोर से मटका चल रहा है। इस सूचना पर उन्होंने एक क्यूआरटी टीम का गठन किया। टीम के सदस्य उस मकान में पहुंचें, जहां मटका का खेल चल रहा था। इन्होंने यहां मौजूद सभी लोगों को रोके रखा। इसके बाद सिटी डीएसपी राजकुमार मेहता, लोअर बाजार थानेदार सुमन कुमार सिन्हा, लालपुर थानेदार रमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और आरोपियों को वहां से दबोच लिया।

दो गुटों के बीच विवाद से धंधे का हुआ भंडाफोड़

सोर्सेज के मुताबिक, लोअर बाजार इलाके के इमरोज बॉस के बेटे राजा और पुलिस के तथाकथित स्पाई रिजवान के बीच सात जनवरी को झड़प हो गई थी। दोनों ने एक -दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। राजा की दोस्ती मटका खेलाने वाले बंटी से थी। दूसरी तरह रिजवान भी मटका का धंधा चलाना चाहता था। लेकिन, राजा और बंटी के साथ हुए विवाद ने पुलिस की राह आसान कर दी। माना जा रहा है कि रिजवान के इशारे पर ही पुलिस ने मटका के चल रहे सेंटर पर छापेमारी कर 14 लोगों को पकड़ लिया।

राजधानी में हर माह 10 करोड़ का मटका कारोबार

रांची शहर में कम से कम 70 से 80 मटका (जुआ का एक रूप) खेलाने का काउंटर चल रहा है, जिसमें हर माह करीब 10 करोड़ रुपए का मटका का कारोबार चल रहा है, इस धंधे में लगभग सात सौ लोग जुड़े हुए हैं। मटका खेलानेवाले अधिकांश लोग आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहते हैं। रातू रोड, अपर बाजार व पुरानी रांची इलाके में अपराधी थापा के शागिर्द मटका खेलाते हैं। इस कारण लोग विरोध नहीं करते। अगर कोई सूचना भी देता है, तो उस पर पुलिस कार्रवाई नहीं करती। शहर में मटका का खेल सबसे अधिक अपर बाजार में होता है, यहां मटका के कई काउंटर चलते हैं।

मोबाइल पर मात्र दस मिनट में आता रिजल्ट

रांची में तीन तरह का मटका चलता है। भूतनाथ मटका शाम के 5.50 बजे ओपेन होता है और 8.50 बजे क्लोज हो जाता है। बरली मटका रात के 9.50 बजे ओपेन होता है और रात के 12.50 बजे क्लोज होता है। अब यहां राजश्री मटका चलता है, जो दिन के 11 बजे से शाम चार बजे तक चलता है। मोबाइल पर इसका रिजल्ट दस मिनट में आता रहता है। मालूम हो कि मटका कैसे खेलना है, कैसे नंबर गेस करके ज्यादा पैसा बनाया जा सकता है। इसके लिए कुछ किताबें और गेस पेपर भी बाजार में मौजूद है। लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कर्बला चौक पर एक गुमटी में सप्ताह में सिर्फ एक दिन किताबें व गेस पेपर भी मिलता है।

Posted By: Inextlive