रांची : हाजियों का पहला जत्था सोमवार को एयर इंडिया के दो विमानों से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा। एयरपोर्ट टर्मिनल के बाहर आते ही महिला हाजी ने बच्चे का हाथ चूमा और पुरुष हाजियों ने अपने परिजनों व मित्रों से हाथ मिलाए। राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष रिजवान खान ने बताया कि दोपहर 12:45 बजे एयर इंडिया के पहले विमान से 160 हाजी व 2:30 बजे एयर इंडिया के दूसरे विमान से 155 हाजी रांची पहुंचे। हाजियों के पहले जत्था में चतरा, कोडरमा, रांची, धनबाद व गढ़वा जिला के हाजी शामिल हैं। एयरपोर्ट पर राज्य हज कमिटी के अध्यक्ष रिजवान खान ने कमेटी के सदस्यों के साथ हाजियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि दूसरे जिलों के हाजियों के ठहरने की व्यवस्था हज हाउस में की गई है। इस अवसर पर इकबाल फातमी, फरहाना खातून, फारूक, मौलाना मुजीबुर्र रहमान, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा, समेत कई उपस्थित थे।

दिल्ली छूटा हाजियों का सामान

राज्य हज कमिटी के प्रवक्ता तनवीर अब्बास ने बताया कि 50 फीसद हाजियों का सामान दिल्ली एयरपोर्ट पर ही रह गया है। जिसके कारण रांची पहुंचने वाले हाजियों को पूरा सामान नहीं मिल सका। उन्होंने बताया कि राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष ने इस संबंध में केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी व केंद्रीय हज कमेटी के कार्यपालक पदाधिकारी से बात की है। कमेटी के अध्यक्ष रिजवान खान ने कहा कि अब आने वाले हाजियों के साथ इस प्रकार की घटना न हो, इसके लिए कमेटी प्रयासरत है। हाजियों का सामान मंगलवार को आने वाले विमान से भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि इंडियन आयल का एयर इंडिया पर एक हजार करोड़ रुपये का बकाया है। जिसके कारण एयर इंडिया के विमान को जेट फ्यूल देना बंद कर दिया गया है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भी एयर इंडिया के विमान को जेट फ्यूल की आपूर्ति बंद कर दी गई है। बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर जेट फ्यूल लेने के क्रम में हाजियों का सामान विमान से निकाल कर दिल्ली एयरपोर्ट पर रखना पड़ रहा है। इसी कारण हाजियों का सामान दिल्ली एयरपोर्ट पर ही रह गया।

Posted By: Inextlive