RANCHI:सिटी में कई सालों से लोगों की डिमांड थी कि रांची नगर निगम एक ऐसे पार्क बना दे, जहां लोग बच्चों के साथ मॉर्निग और इवनिंग में आसानी से घूम सकें। इसी डिमांड का ख्याल करते हुए साल भर पहले राजभवन से रांची यूनिवर्सिटी जाने वाले रोड के किनारे निगम पार्क बनाया गया था। लेकिन, एक साल बाद ही इस पार्क में ताला लटक गया। यहां लगाए गए फूल के पौधे और पेड़ सूख गए। कभी दिन भर गुलजार रहने वाले इस पार्क में अब झाडि़यां उग आई हैं, जहां मौज मस्ती करना अब बच्चे तो दूर यूथ भी मुनासिब नहीं समझते। इस पार्क को बदहाली की अवस्था में पहुंचाने के लिए रांची नगर निगम ही जिम्मेवार है।

चाइल्ड स्पेशल बनाया गया था पार्क

रांची नगर निगम का यह पार्क खासकर बच्चों के लिए बनाया गया था। इसमें बच्चों के लिए पांच झूले सहित उनके खेलने-कूदने के लिए राउंड टेबल, स्केटिंग रिंग आदि भी बनाए गए थे। यहां खुले में बैठने के लिए सीमेंटेड 10 बेंच भी बनाया गया था। देशी-विदेशी कई वेराइटी के फूलों के अलावा इस पार्क में नारियल और ताड़ के दर्जन भर से अधिक पेड़ भी इसकी शोभा बढ़ा रहे थे। पार्क के लिए स्पेशल घास भी बाहर से मंगवाई गई थी। गेट को भी अलग तरीके से डिजाइन किया गया था, जिससे यहां आने वाला हर व्यक्ति खास फील करता था।

कंपनी की देखरेख में 10 महीने रहा पार्क

रांची नगर निगम ने इस पार्क को चलाने के लिए एक प्राइवेट कंपनी को दिया था। टेंडर के आधार पर उस कंपनी ने कुछ दिनों तक इस पार्क का बेहतर संचालन भी किया। लेकिन, कुछ दिनों बाद बीच में ही उसका टेंडर कैंसिल कर दिया गया। इसके बाद से यह पार्क बंद हो गया और बदहाल पड़ा है।

अब नए सीईओ के आने पर होगा टेंडर

रांची नगर निगम के लोगों का कहना है कि निगम में अभी कोई सीइओ नहीं है। नए सीइओ के आने के बाद ही इस पार्क के लिए दोबारा टेंडर निकाला जाएगा, तभी यह पार्क खुलेगा। लेकिन, सवाल यह उठता है कि रांची नगर निगम के सीइओ के हटे, अभी एक मुश्किल से एक हफ्ता हुआ है, ऐसे में अब तक निगम क्या कर रहा था।

क्या कहती है जनता

आम लोगों के लिए खोला जाए पार्क

रांची नगर निगम को सिटी के पार्को पर ध्यान देना चाहिए। यहां लोग अपनी फैमिली के साथ सुबह शाम वाक के लिए जाते हैं। ऐसे में रांची नगर निगम के पार्क पर ताला लटकना अच्छी बात नहीं है। रांची नगर निगम को इस पर ध्यान देना चाहिए।

राजकुमार नीरज, रातू रोड

शहर की खूबसूरती के लिए पार्क जरूरी

आज जिस तरह से रांची में पेड़-पौधों की कटाई हो रही और बड़ी-बड़ी इमारते बनने से यह कंक्रीट का जंगल बनता जा रहा है। ऐसे में जरूरत इसकी है कि रांची में अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं और यहां की हरियाली को बनाए रखा जाए। करोड़ों की लागत से बने रांची नगर निगम पार्क का बंद होना अच्छी बात नहीं है। रांची के विधायक, मेयर, डिप्टी मेयर जैसे जन प्रतिनिधियों को ध्यान देना चाहिए। जिससे यह पार्क फिर से आम लोगों के लिए खुल जाए।

इंदू सिंह, कोकर

पार्क पर आरएमसी को ध्यान देना चाहिए

रांची नगर निगम का इस बंद पार्क को खोलने के लिए काम करना चाहिए। जिससे अधिक से अधिक लोग इस पार्क में आ सकें। आम लोगों के लिए इसे फ्री करना चाहिए।

विनोद, लालपुर

Posted By: Inextlive