RANCHI : राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 11 परसेंट वृद्धि करने का फैसला किया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में कैबिनेट की हुई मीटिंग में डीए 212 परसेंट से बढ़ाकर 223 परसेंट करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। कैबिनेट के अपर मुख्य सचिव एनएन पांडेय और नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव अरुण कुमार ने बताया कि कैबिनेट ने 20 प्रस्तावों पर स्वीकृति दी है। सेवाकाल के दौरान कर्मचारी की मृत्यु हो जाने के बाद कर्मचारी के दत्तक पुत्र और अविवाहित पुत्री को भी आश्रित होने का लाभ देने पर कैबिनेट ने अपनी मंजूरी दे दी है। इसके अलावा अविवाहितकर्मी की मौत हो जाने पर उसके अविवाहित भाई और बहन को भी आश्रित की जगह नौकरी और अन्य सरकारी लाभ व सुविधाएं दी जाएंगी।

रांची मास्टर प्लान-2037 मंजूर

कैबिनेट ने सालों से लंबित रांची मास्टर प्लान-2037 के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दे दी है। इस प्लान के तहत रांचीवासियों को वैसी सभी सुविधाएं मुहैय्या कराई जाएगी, जो ग्रेटर नोयडा जैसे बड़े शहरों में उपलब्ध है। ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी के बजट में भी कैबिनेट ने दस गुना इजाफा करने का फैसला लिया। अब जीआरडीए को 50 करोड़ की जगह 500 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।

खुलेंगे झारखंड आवासीय विद्यालय

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की तर्ज पर झारखंड आवासीय विद्यालय खोलने के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने मंजूर कर लिया है। पहले चरण में राज्य के वैसे 37 प्रखंड मुख्यालयों में ये स्कूल खोले जाएंगे, जहां कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय नहीं है। वैसे राज्य सरकार ने स्कूल खोलने संबंधी प्रस्ताव केंद्र को भेजा था, पर वहां से मंजूरी नहीं मिलने की वजह से रघुवर सरकार ने अपने स्तर पर झारखंड आवासीय विद्यालय खोलने का फैसला किया है।

Posted By: Inextlive