जाम से राहत के लिए सिटी में और दो नए फ्लाईओवर
RANCHI: सिटी को जाम से राहत दिलाने के लिए जल्द ही दो फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होगा। हरमू रोड व रातू रोड में फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने दोनों ही फ्लाईओवर की ज्वाइंट डीपीआर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों को सौंप दिया है। इन दोनों फ्लाईओवर के निर्माण में 468.200 करोड़ रुपए खर्च प्रस्ताव है। गौरतलब हो कि इन दोनों ही फ्लाईओवर का कार्य बहुत पहले शुरू होना था पर रातू रोड चौराहा पर दोनों फ्लाईओवर के क्रॉसिंग को लेकर मामला फंस गया था, जिसका निदान निकाल लिया गया है।
कंसल्टेंट ने दिया है सुझावसभी अधिकारियों को नगर विकास सचिव ने समस्याएं दूर करने का निर्देश दिया है। दिल्ली की कंसल्टेंट कंपनी रॉडिक ने क्रॉसिंग पर रोटरी बनाने का नक्शा दिया है। नगर विकास विभाग ने उक्त नक्शा को स्वीकृत कर दिया है। गुरुवार को नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कंसल्टेंट सहित जुडको और एनएचएआई के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें फ्लाईओवर निर्माण से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। सचिव ने जल्द से जल्द समस्याओं को दूर करने का निर्देश दिया।
जाम से मिलेगी निजातइन दोनों ही फ्लाईओवर निर्माण के बाद रांची के रातू रोड और हरमू रोड में लगनेवाले ट्रैफिक जाम से लोगों को निजात मिल जाएगी। साथ ही दूर निकलनेवाले लोग फ्लाईओवर का इस्तेमाल कर पाएंगे। मालूम हो कि दोनों फ्लाईओवर के निर्माण में सरकार किसी की जमीन का अधिग्रहण नहीं करेगी। लेकिन रातू रोड चौराहा पर रोटरी के लिए कुछ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। दोनों ही फ्लाईओवर का निर्माण नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा कराया जाएगा।
ऐसा होगा फ्लाईओवर -दोनों फ्लाईओवर की कुल लंबाई 5936 मीटर होगी। -फ्लाईओवर के नीचे दोनों तरफ 5.5 मीटर चौड़ा सर्विस रोड रहेगा। -हरमू नदी पर नीचेवाले पुल का भी नये सिरे से निर्माण होगा। -फ्लाईओवर सिंगल पीलर का होगा, दोनों ही फ्लाईओवर तीन लेन के होंगे। -नीचे की सड़क के किनारे ड्रेनेज, यूटिलिटी सर्विसेज व फुटपाथ का निर्माण होगा।