भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने क्लीयर किया भाजपा का स्टैंड

कहा, प्रदेश में बनी भाजपा सरकार तो गुंडों, माफियाओं का होगा सफाया

ALLAHABAD: बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी द्वारा भाजपा से निष्कासित नेता दयाशंकर सिंह की पत्नी व बेटी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक नसीमुद्दीन सिद्दीकी को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा का स्टैंड क्लीयर किया। उन्होंने कहा कि 28 जुलाई को महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए महिला मोर्चा लखनऊ में विशाल प्रदर्शन करेगी।

सपा-बसपा की साठ-गांठ

केशव प्रसाद मौर्य ने बातचीत में प्रदेश की सपा सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा आपस में सांठ-गांठ कर काम कर रही है। प्रदेश सरकार केंद्रीय योजनाओं को पूरा होने में अड़ंगा लगा रही है। यही कारण है कि इलाहाबाद समेत प्रदेश के कई जिलों को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे के लिए ही एनओसी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि नगर विकास मंत्री आजम खां की चलें तो नमामि गंगे योजना बंद हो जाय।

अवैध कब्जों की आई बाढ़

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार में अपराधियों व गुंडों का हौसला बुलंद है। वहीं पुलिस डरी हुई है। सपा सरकार में अवैध कब्जों की बाढ़ सी आ गई है। भाजपा के पास करीब ढाई हजार अवैध कब्जों की शिकायतें आई हैं। यूपी में अगर भाजपा की सरकार बनी तो सभी अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।

बेहतर होंगी स्वास्थ्य सेवाएं

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इलाहाबाद में जल्द ही स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होंगी। क्योंकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इलाहाबाद में कैंसर संस्थान के लिए डेढ़ सौ करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है। साथ ही मेडिकल कॉलेज को सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल बनाने के लिए 180 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

Posted By: Inextlive