स्वाभिमान रैली में बोली अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल

केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर बोला हमला

ALLAHABAD: भाजपा ने अपना दल की पीठ पर छूरा घोंपा है। उनकी कथनी और करनी में अंतर है। शनिवार को केपी कॉलेज ग्राउंड पर आयोजित स्वाभिमान रैली में अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपना दल के साथ विश्वासघात किया है। अपनी बेटी का नाम लिए बगैर कहा कि भाजपा ने अपना दल को विभाजित कर दिया। अपना दल के संस्थापक डॉ। सोनेलाल पटेल की 67वीं जयंती पर आयोजित रैली में दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर तीखे प्रहार किए।

सपा को सबक सिखाएगी जनता

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार भूमाफियाओं की सरकार है। पहले बाप तो अब बेटा जनता को लूट रहा है। जनता सब देख रही है और 2017 के विधान सभा चुनाव में सपा सरकार को मुंह की खानी होगी। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि विपक्षी पार्टियों के चेहरे को बेनकाब करने का कार्य शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि 2017 के चुनाव में पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन करेगी कि नहीं यह जुलाई के द्वितीय सप्ताह में लखनऊ में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तय होगा। विशिष्ट अतिथि अद की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल ने कहा कि पार्टी के संस्थापक डा। सोनेलाल पटेल दलितों व पिछड़ों के मसीहा थे। पार्टी उनके बताए मार्ग पर चल रही है। पार्टी का अगला लक्ष्य विधानसभा चुनाव है और इसमें पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाएगा। जगदीश सिंह, अजय पटेल, आरबी सिंह पटेल, छोटे लाल मौर्य, हेमराज सोनकर, महेंद्र सिंह समेत कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

बॉक्स

कर्मचारियों को मूर्ख बना रही सरकार

इससे पहले कृष्णा पटेल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केंद्र सरकार ने सातवें वेतन आयोग में कर्मचारियों को मूर्ख बनाया है। वोट बैंक को बढ़ाने के लिए वेतन बढोत्तरी का प्रचार प्रसार किया जा रहा है।

Posted By: Inextlive