शादी के दौरान दूल्हों की ही मौज क्यों हो? यही सवाल पूछ रही हैं अमीषा भारद्वाज। अमीषा ने अपनी शादी के दौरान मौज-मस्ती का वीडियो बनाया है और वो वीडियो वायरल हो गया है। यूट्यूब पर इसे 60 लाख से ज़्यादा लोग देख चुके हैं। इस वीडियो में अमीषा निकर और दुल्हन वाली ब्लाउज में डांस करती नज़र आ रही हैं और 'चिप थ्रिल्स' के गाने को गुनगुनाती भी दिख रही हैं।

हालांकि ख़ुद अमीषा को यक़ीन नहीं हो रहा है कि उनका वीडियो वायरल हो गया। उन्होंने बताया, "वीडियो के वायरल होने पर मुझे हैरानी हो रही है क्योंकि इसमें तो केवल इतना ही था कि अपनी शादी के दिन दुल्हन मौज मस्ती कर रही है। मतलब ये अनोखा भी नहीं था।"लेकिन यूट्यूब पर अमीषा के वीडियो पर ढेरों लोग कॉमेंट्स कर रहे हैं, ख़ासकर उनके कपड़ों की पसंद और गाने के बोल पर।


बदल रहा है चलन
अमीषा बताती हैं, "मुझे लगता है कि मेरा वीडियो उस परंपरागत सोच से अलग है जिसमें भारतीय दुल्हनों को शर्म और हया की मूरत माना जाता है, वो डांस नहीं कर सकती हैं। जिस तरह के कपड़े मैंने पहने हैं, वैसे कपड़े नहीं पहन सकतीं।"

अमीषा के मुताबिक, "भारतीय दुल्हन को लेकर ये सोच सदियों से चली आ रही है, दुल्हन हंसे नहीं और जब विदा हो तो रोए। लेकिन आज की दुल्हन अपनी कहानी गढ़ रही है।"

भारत में शादी का वीडियो बनाने का चलन बहुत नया नहीं है, ये काफ़ी श्रम साध्य और थकाऊ प्रक्रिया होती है। वीडियोग्राफ़र शादी के तमाम रीति रिवाज़ों को शूट करते हैं।

लेकिन अब बॉलीवुड के गानों से प्रेरित और डांस वाले वीडियो बनाए जाने का चलन देखा जा रहा है और इसमें दुल्हनों की भूमिका लगातार दमदार हो रही है।

अमीषा कहती हैं, "मैंने कुछ अलग सोच कर वीडियो नहीं बनाया। मैं जो करना चाहती हूं वही करूं, इतना आत्मविश्वास मुझमें रहा है। आधुनिक भारत की युवा महिलाएं ऐसी ही हैं। वो डांस कर सकती हैं, ड्रिंक्स ले सकती हैं। समय बदल रहा है। इसलिए दुल्हनें भी बदल रही हैं।"

 

 

शादी वाले वीडियो बनाने वाले सुप्रीत कौर और पवन सिंह भी मानते हैं कि भारतीय दुल्हनें अब बदल रही हैं। पवन सिंह कहते हैं, "10 साल पहले जब हमने शादी के वीडियो बनाने शुरू किए थे तब दुल्हनें ख़ूबसूरत और पतली दिखना चाहती , लेकिन अब वे प्रयोग कर रही हैं।"

सुप्रीत कौर कहती हैं, "दुल्हनें अब ये मान रही हैं कि शादी उनके जीवन का सबसे अहम इवेंट है। लिहाज़ा वे जैसी हैं वैसी बनी रहना चाहती हैं।"

पवन सिंह के मुताबिक बीते 10 सालों में भारत काफ़ी बदला है, ज़्यादा से ज़्यादा महिलाएं अब कामकाजी हो रही हैं।

पवन कहते हैं, "अमीषा अकेली नहीं हैं, आपको ऐसे तमाम वीडियो मिल जाएंगे।"

ये लड़का तो बाहुबली का भी उस्ताद है, बुर्ज खलीफा से ऊँचे पहाड़ पर चढ़ता है बिना किसी सहारे के!

 

अमीषा ये भी कहती हैं कि वो ऐसा वीडियो इसलिए बना पाईं क्योंकि उनके पति को कोई समस्या नहीं हुई।

उनके पति प्रणव वर्मा कहते हैं कि उन्हें तो मालूम ही नहीं चला कब अमीषा ने ये वीडियो शूट कर लिया। प्रणव के मुताबिक उनकी पत्नी के वीडियो से दूल्हों को ये समझने में मदद मिलेगी की दुल्हन को लेकर परंपरागत सोच अब बदल रही है।

अमीषा कहती हैं, "हमने परंपरागत सोच को बदलने का काम शुरू कर दिया है।"

बॉलीवुड में किसने की सही वक्त पर शादी

Interesting News inextlive from Interesting News Desk

Posted By: Chandramohan Mishra