महाराष्ट्र सरकार और कंगना रनोट में चल रही तकरार के बीच बुधवार को आज एक्ट्रेस मुंबई पहुंचने वाली है। ऐसे में उनके आगमन से पहले ही बीएमसी ने उनका दफ्तर तोड़ना शुरू कर दिया। बीएमसी के इस कदम को लेकर एक्ट्रेस कंगना ने ट्वीट किया है।

मुंबई (पीटीआई)। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से कंगना रनोट मुंबई पुलिस पर अपनी टिप्पणियों को लेकर महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना के साथ तकरार का सामना कर रही हैं। इस तकरार के बीच बुधवार को आज कंगना के मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि उनके मुंबई पहुंचने से पहले ही बीएमसी ने उनका दफ्तर तोड़ना शुरू कर दिया। इसके अलावा बीएमसी ने एक्ट्रेस कंगना के ऑफिस में ताला तोड़कर नया नोटिस चिपकाया। एक्ट्रेस कंगना ने खुद ट्वीट कर इस घटना की जानकारी दी है। बता दें कि इसके पहले सुबह एक अधिकारी ने कहा था कि मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री कंगना रनौत के आगमन से पहले यहां हवाई अड्डे के पास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का ख्याल रखा गया है। हमने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए हवाई अड्डे के पास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है।

Babur and his army 🙂#deathofdemocracy pic.twitter.com/L5wiUoNqhl

— Kangana Ranaut (@KanganaTeam) September 9, 2020


किसी में हिम्मत है तो उन्हें रोक ले
एक्ट्रेस कंगना रनोट ने हाल ही में मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की है। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें फिल्म माफिया से अधिक मुंबई पुलिस से डर लगता है। ऐसे में वह हिमाचल प्रदेश या केंद्र सरकार से सुरक्षा लेना चाहेंगी। अभिनेत्री ने यह भी ट्वीट किया था कि वह 9 सितंबर को हिमाचल प्रदेश से मुंबई लौट रही होंगी और किसी में हिम्मत है तो उन्हें रोक ले।
कंगना रनोट को सुरक्षा प्रदान करेंगे
केंद्र ने इस सप्ताह की शुरुआत में उसे 'वाई-प्लस' सुरक्षा देने का फैसला किया था। अब एक्ट्रेस कंगना के साथ 10 सशस्त्र कमांडो रहेंगे। गृह मंत्रालय की तरफ से इस कदम पर कंगना ने अमित शाह को धन्यवाद दिया है। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने मंगलवार को कहा कि उनकी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के कार्यकर्ता मुंबई पहुंचने पर कंगना रनोट को सुरक्षा प्रदान करेंगे।

Posted By: Shweta Mishra