- रेल विहार कॉलोनी में बनाया था ठिकाना

- 12 हजार का इनाम, तलाश रही थी पुलिस

GORAKHPUR: चर्चित लाल बहादुर यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी धनंजय तिवारी पुलिस के हाथ लग गया है। रेल विहार कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। धनंजय के खिलाफ 12 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इस वारदात में शामिल प्रिंस चंद को पुलिस तलाश रही है। हाल ही में दोनों की प्रॉपर्टी कुर्क करके पुलिस ने पहले ही जब्त कर ली थी।

घेराबंदी कर दबोचा

रेल विहार कॉलोनी स्थित उसके ठिकाने की भनक पुलिस को लग गई। घेराबंदी करके पुलिस ने धनंजय को धर दबोचा। शुक्रवार की सुबह उसके पकड़े जाने की सूचना से सहयोगी अंडरग्राउंड हो गए। दिनभर लोग उसके बारे में पता करते रहे। शाहपुर थाना से उसे गुलरिहा ले जाया गया। हालांकि देर रात तक पुलिस के किसी अधिकारी ने धनंजय के पकड़े जाने की पुष्टि नहीं की।

गोलियां बरसाकर ली थी जान

पिपरौली ब्लॉक के पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख, चेरिया निवासी लाल बहादुर यादव की चिडि़याघर की मिट्टी पटाई के विवाद में हत्या कर दी गई थी। 20 मई 2014 की रात करीब पौने नौ बजे लग्जरी गाड़ी से तारामंडल स्थित आवास जा रहे लाल बहादुर पर यूनिवर्सिटी मेन गेट के सामने बदमाशों ने हमला किया। आगे पीछे से घेरकर बदमाशों ने लाल बहादुर को गोलियों से छलनी कर दिया।

चंदन का आया था नाम

शुरुआती जांच में पुलिस ने चंदन सिंह और उसके साथियों पर हत्या का आरोप मढ़ा। बाद में एसएसपी आकाश कुलहरि के प्रयास से घटना का खुलासा हुआ। इस मामले में विनोद उपाध्याय गैंग का नाम सामने आया। हत्याकांड में करीब 14 लोगों को पुलिस ने मुल्जिम बनाया। कुछ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। कुछ लोगों ने पुलिस के डर से सरेंडर कर दिया। वारदात के मुख्य आरोपी धनंजय और सहयोगी प्रिंस को पुलिस नहीं पकड़ पाई। दोनों के खिलाफ 12-12 हजार का इनाम घोषित करके पुलिस तलाश में जुट गई।

शहर में घूमता रहा धनंजय

माफिया विनोद उपाध्याय के करीबी धनंजय को पुलिस ने मुख्य आरोपी बताया। लेकिन पुलिस उसे पहचानती नहीं थी। अंधेरे मे तीर चलाते हुए पुलिस उसकी तलाश में लगी रही। पुलिस वालों को चकमा देकर वह आराम से शहर में घूमता रहा। कड़ी सुरक्षा लेकर चल रहे बदमाश के बारे में पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी। शहर के कई मोहल्लों में उसने अपना ठिकाना बनाया। नए युवकों का एक गैंग भी खड़ा कर लिया।

एक संदिग्ध युवक के बारे में पुलिस को सूचना मिली थी। उसकी तलाश की जा रही है। उसके बारे में कुछ सूचनाएं जिसके आधार पर पुलिस काम कर रही है।

अभय कुमार मिश्र, सीओ क्राइम ब्रांच

Posted By: Inextlive