दस परसेंट एरिया में भी नहीं हो रहा डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन

नगर निगम ने भी खींच लिए हाथ, मदद करने में हो रही आनाकानी

ALLAHABAD: एडब्ल्यूपी के फेल होने के बाद नगर निगम ने शहर के सभी वार्डो से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए हरी-भरी को मौका दिया, लेकिन अब हरी-भरी भी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में फेल साबित हो रही है। साल भर के अंदर सभी वार्डो को कवर करने का दावा करने वाली इस कंपनी ने आधे शहर को कवर तो किया, लेकिन कुछ दिन बाद ही डोर टू डोर कलेक्शन फेल हो गया। वर्तमान में पूरे शहर की बात तो दूर दस परसेंट एरिया में भी डोर टू डोर कलेक्शन नहीं हो पा रहा है।

तीन जोन में हुई थी शुरुआत

हरी-भरी प्राइवेट लिमिटेड ने जोन एक और पांच को छोड़ कर नगर निगम के जोन दो, तीन और चार के वार्डो में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की शुरुआत की। पांच और तीन को भी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में शामिल करने की योजना थी। लेकिन जोन दो, तीन और चार में ही डोर टू डोर कलेक्शन की स्पीड धीमी पड़ गई। मेयर अभिलाषा गुप्ता ने बताया कि वर्तमान समय में तीनों जोन के करीब दस प्रतिशत एरिया में ही डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन हो रहा है। अन्य एरिया में अब पहले की तरह ही सफाई कर्मचारियों द्वारा कूड़ा उठाया जा रहा है।

नगर निगम ने खींचे हाथ

हरी-भरी के डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में फेल होने और कर्मचारियों द्वारा काम छोड़ने के पीछे मुख्य वजह नगर निगम इलाहाबाद भी है। जिसने हरी-भरी की मदद करने से हाथ खींच लिए हैं। दिसंबर 2015 से अब तक नगर निगम द्वारा हरी-भरी को किस्तों में करीब एक करोड़ 20 लाख रुपये भुगतान किया जाना था। लेकिन नगर निगम एक भी किस्त नहीं दिया। जिसकी वजह से हरी-भरी पर कर्मचारियों के वेतन का बकाया चढ़ता चला गया। नगर निगम का दो महीने का डीटीडीसी का बकाया चल रहा है। हरी-भरी को कुछ राहत दिलाई जा सके, इसके लिए 14वें वित्त योजना के तहत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के नाम पर 80 लाख रुपये बजट का प्रस्ताव किया गया था, जिसे कमिश्नर ने कैंसिल कर दिया है।

हरी-भरी का बसवार प्लांट तो चल रहा है, कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। लेकिन ये बात सही है कि शहर में इन दिनों दस प्रतिशत भी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन नहीं हो पा रहा है। क्योंकि हरी-भरी कर्मचारियों के वेतन का भुगतान नहीं कर पा रहा है। नगर निगम अगर मदद कर दे तो कुछ राहत मिल सकती है। नहीं तो स्थिति और गड़बड़ होगी। अधिकारियों से इस संबंध में बात की जाएगी।

अभिलाषा गुप्ता

मेयर, नगर निगम

इलाहाबाद

Posted By: Inextlive