-चेतावनी के बाद भी 15 साल पुराने टू व्हीलर और फोर व्हीलर का नहीं कराया रजिस्ट्रेशन

-अब आरटीओ चेकिंग कर इन गाडि़यों पर करेगा कार्रवाई

GORAKHPUR: बार-बार चेतावनी देने के बाद भी हजारों लोगों ने 15 साल पुराने टू व्हीलर और फोर व्हीलर का आरटीओ में रजिस्ट्रेशन नहीं कराया। अब ऐसे वाहनों पर आरटीओ सख्ती करने जा रहा है। इसके लिए ट्रांसपोर्ट अधिकारियों ने भी विडियो कांफ्रेंसिंग कर आरटीओ को सख्त निर्देश दिए हैं। जिसके बाद आरटीओ 5 जनवरी से ऐसे वाहनों की तलाश कर उन पर कार्रवाई भी करेगा।

सिटी में दौड़ रहे ओल्ड वाहन

आरटीओ की माने तो 15 साल पुरानी गाडि़यों का दोबारा रजिस्ट्रेशन कराना होता है। इसमें गाड़ी की जांच की जाती है। उसके बाद ही गाड़ी चलाने की परमिशन दी जाती है। उधर फाइलों की जांच में पता चला कि सिटी में 75564 टू व्हीलर और 14726 फोर व्हीलर 15 साल की ऐज पूरी करने के बाद भी रजिस्ट्रेशन नहीं कराए हैं। इसके लिए आरटीओ ने कई बार सूचना भी प्रकाशित करवाई। इसके बाद भी वाहन मालिकों ने रजिस्ट्रेशन कराने में इंट्रेस्ट नहीं लिया।

55 वाहनों को रजिस्ट्रेशन कैंसिल

दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं कराए जाने के कारण आरटीओ ने 55 वाहनों का रजिस्ट्रेशन कैंसिल किया था। इसी तरह अगर इन वाहनों का भी रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया तो इनका भी रजिस्ट्रेशन कैंसिल हो सकता है।

कई वाहन कबाड़ में बिक गए

आरटीओ के कर्मचारी की माने तो लोग कई गाडि़यां कबाड़ में बेच देते हैं। लेकिन उसका रजिस्ट्रेशन कैंसिल नहीं कराते हैं। जबकि कबाड़ में वाहन बेचने से पहले गाड़ी का चेचिस नंबर कटवाकर आरटीओ में जमा करना होता है। ताकि उस नम्बर का गलत यूज ना हो।

5, 6 को विशेष अभियान

15 साल पुरानी गाडि़यों की डिटेल आरटीओ ने निकाल ली है। आरटीओ 5 व 6 जनवरी को विशेष अभियान चलाएगा। इसमें पकड़े जाने पर गाडि़यों पर सीज और बंद की कार्रवाई की जाएगी।

वर्जन-

कई बार चेतावनी देने के बाद 90 हजार से अधिक 15 साल पुराने वाहनों का रजिस्ट्रेशन अभी तक नहीं कराया गया है। अब इन पर कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

श्याम लाल, आरटीओ प्रशासन

Posted By: Inextlive