कोरोना वायरस की दूसरी लहर में डॉक्टर भी अपनी जान गंवा रहे हैं। इंडियन मेडिकल असोसिएशन के अनुसार अब तक 420 डॉक्टरों की जान जा चुकी है। इसमें सबसे अधिक 100 डॉक्टरों की मौत देश की राजधानी दिल्ली में हुई है। बिहार और यूपी में भी संख्या काफी ज्यादा है।


नई दिल्ली (एएनआई)। कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कहर तेजी से भारत में भी बरप रहा है।इसकी चपेट में बड़ी संख्या में डाॅक्टर्स भी आए हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने खुलासा किया है कि देश भर में 400 से अधिक डॉक्टरों ने महामारी की दूसरी लहर के दौरान कोविड-19 संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया है। एसोसिएशन के अनुसार दूसरी कोविड-19 लहर के दौरान अब तक 420 डॉक्टरों की जान जा चुकी है और इनमें से 100 केस तो अकेले देश की राजधानी दिल्ली से हैं। उत्तर प्रदेश में 41 डॉक्टरों की मौत हुई
वहीं डॉक्टर्स एसोसिएशन ने कहा कि इसके बाद बिहार और उत्तर प्रदेश में डॉक्टरों की माैत के मामले दर्ज हुए हैं। बिहार में कम से कम 96 और उत्तर प्रदेश में 41 डॉक्टरों की मौत हुई है। आईएमए के राज्यवार आंकड़ों से पता चलता है कि गुजरात में कोविड ​​​​-19 के कारण 31 डॉक्टरों ने दम तोड़ दिया, तेलंगाना में 20 डाॅक्टरों, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 16 डॉक्टरों ने दम तोड़ दिया।महाराष्ट्र में कोविड-19 की दूसरी लहर में 15 डॉक्टरों की मौत हुई है। कोविड ​​​​वायरस संक्रमण के फ्रेश केस


केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को जानकारी दी कि पिछले 24 घंटों में देश में 2,57,299 कोविड ​​​​-19 संक्रमण के फ्रेश केस और 4,194 मौतें दर्ज हुई हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, देश में 24 घंटे की अवधि में 3,57,630 ताजा रिकवरी दर्ज की गई, जो नए मामलों से अधिक है। पिछले 24 घंटे में नए मामले आने के बाद देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,62,89,290 और मौतों की संख्या 2,95,525 हो गई है।

Posted By: Shweta Mishra