पाकिस्तान ने आज जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पाक सैनिकों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के अलावा आसपास की चौकियों और गांवों पर गोलीबारी की। इस दाैरान बीएसएफ ने भी जवाबी कार्रवाई की।

जम्मू (पीटीआई)। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। एक बार फिर पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के साथ आगे की चौकियों और गांवों पर गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा कि करोल मटराई और चंदवा में सीमा पार से गोलीबारी लगभग 12.45 बजे शुरू हुई, जिसमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने आईबी की सुरक्षा में प्रभावी जवाबी कार्रवाई की।

गोलीबारी सुबह 3 बजे तक जारी रही

सुरक्षा अधिकारियों ने यह भी कहा कि दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी सुबह 3 बजे तक जारी रही। भारतीय सेना ने जबरदस्त मुकाबला किया। भारतीय पक्ष की ओर से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि इस गोलीबारी से सीमावर्ती निवासियों में दहशत फैल गई। लोग अपनी सुरक्षा के लिए भूमिगत बंकरों में रात बिताने को मजबूर थे।

Posted By: Shweta Mishra