- बाइक सवार बदमाश रिक्शा सवार महिलाओं के छीन रहा पर्स

- सीसीटीवी के जरिए हो सकती है पहचान लेकिन पुलिस बेपरवाह

GORAKHPUR: शहर में यदि पैसे या कीमती जेवर लेकर निकल रहे हैं तो संभलकर निकलें। शहर में एक बाइक सवार लुटेरा इसी ताक में है। रिक्शा सवार महिलाओं को निशाना बनाने वाला यह बदमाश भारी भरकम पुलिस फोर्स पर भारी पड़ रहा है। एक पखवारे से एक्टिव बदमाश ने रविवार को को सरेशाम पुलिस को चुनौती दी। पीडि़त के सूचना देने पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद लेने का आश्वासन देकर शांत हो गई। एसएसपी का कहना है कि बदमाश की तलाश में टीम लगाई गई है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

राजघाट एरिया में छीना था पर्स

महराजगंज जिले के बृजमनगंज की सुमन अपनी दो बेटियों दीपाली और साक्षी के साथ हजारीपुर मोहल्ले में रहती हैं। उनके एक रिश्तेदार की पत्‍‌नी बेतियाहाता के नर्सिग होम में एडमिट हैं। रविवार को वह अपने रिश्तेदार से मिलने गई। वहां से गीता प्रेस में खरीदारी करने निकलीं। बेटियों संग रिक्शा से गीता प्रेस की ओर जा रही थीं। उनकी बेटी पर्स लेकर रिक्शे पर किनारे बैठी थी। मुबारक खां शहीद मजार के पास पहुंचीं। तभी बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया। झटका लगने से महिला की बेटी दीपाली गिर पड़ी। महिला और उनकी बेटियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। मजार पर लगे कैमरे की मदद से बदमाश की तलाश का आश्वासन दिया। जांच में सामने आया कि इसके पहले भी अकेला बाइक सवार बदमाश कई वारदातें कर चुका है।

ये अकेले बना मुसीबत

- हेलमेट पहने, अकेला बाइक सवार बदमाश लूटपाट कर रहा है।

- मार्केट आने जाने वाली रिक्शा सवार महिलाएं उसके निशाने पर हैं।

- टारगेट का पीछा करके वह रिक्शे पर बैठी महिलाओं के पर्स, हैंड बैग छीनता है।

- छिनैती में जोर से बैग पकड़ने वाली महिलाएं सड़क पर गिर जाती हैं।

- वारदात के बाद बदमाश बाइक से फुर्र हो जाता है।

- दोपहर हो या शाम, दिन हो या रात, वह किसी समय छिनैती कर लेता है।

बरतें सावधानी

- बाजार आते-जाते समय चौकसी बरतें।

- पर्स और हैंडबैंग को सुरक्षित ढंग से साथ रखें।

- ज्यादा नकदी, ज्वेलरी और महंगा मोबाइल पास रखने से बचें।

- रिक्शे पर बैठने के दौरान पर्स, बैग को गोद में रखें।

- रिक्शे का हेड निकालकर बैठें। इससे आप तक बदमाश के हाथ आसानी से नहीं पहुंच सकेंगे।

ऐसा है उसका हुलिया

रिक्शा सवार महिलाओं को निशाना बनाने वाला लुटेरा बाइक से चलता है। हेलमेट पहने रहता है। वह दुबला-पतला कद-काठी का है।

इन घटनाओं से भी नहीं खुली पुलिस की आंख

20 नवंबर 2016: राजघाट एरिया में मुबारक खां शहीद मजार के पास रिक्शा सवार महिला की बेटी से पर्स छीना, रिक्शे से गिरकर बेटी घायल हुई।

13 नवंबर 2016: तिवारीपुर एरिया में बैंक से नकदी बदलकर लौट रही महिला का पर्स छीना, छीना-झपटी में वह गिरकर घायल हो गई।

09 नवंबर 2016: कैंट एरिया के शास्त्री चौराहे पर रिक्शा सवार महिला का पर्स छीना, झटका लगने से महिला गिरने से बाल-बाल बची।

05 नवंबर 2016: कैंट एरिया में रेल म्यूजियम के पास बाजार से लौट रही रिक्शा सवार मां-बेटी से पर्स छीना। पर्स बचाने में महिला गिरकर घायल हुई।

Posted By: Inextlive