पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या

PATNA : भोजपुर जिला अंतर्गत चरपोखरी थाना क्षेत्र के भैरोडिह गांव में पुरानी रंजिश के कारण गुरूवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बिनोद पाण्डेय बताया जाता है, जो भैरोडिह निवासी भीमल पाण्डेय का पुत्र है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना उस वक्त घटी जब बिनोद भैरोडीह गांव के काली मंदिर के समीप ग्रामीण फगुआ गाने में व्यस्त थे। उसी क्रम में पहले से घात लगाकर बैठे नामजद आरोपियों ने उसपर अंधाधूंध फाय¨रग करनी शुरू कर दी, जिसमें बिनोद ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव व्याप्त है। आरोपी घर छोड़कर फरार है। घटना की जानकारी मिलते ही चरपोखरी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इधर मृतक के पुत्र प्रफुल्ल कुमार पाण्डेय के बयान पर चरपोखरी थाना में म् नामजदों के विरूद्ध नामजद मामला दर्ज किया गया है।

प्रतिबंधित रणवीर सेना का सदस्य था मृतक

मृतक बिनोद पाण्डेय का हत्या, रंगदारी तथा कई नरसंहारों में भी नाम आया था। बाद में पुलिसिया जांच के बाद नाम निकाल दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार बिनोद प्रतिबंधित रणवीर सेना का सदस्य बताया जाता है। माले नेता की हत्या समेत आधा दर्जन मामलों में वह आरोपी था।

माले नेता की हत्या समेत आधा दर्जन मामलों में था आरोपी

विनोद पाण्डेय माले नेता बुधराम पासवान की हत्या के मामले में भी आरोपी था। उसपर हत्या और नरसंहार सहित आधा दर्जन मामले दर्ज थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बाथे नरसंहार तथा नगरी नरसंहार में भी उसका नाम आया था । बाद में पुलिस जांच में उसका नाम निकाल दिया गया। वही नगरी नरसंहार के सूचक पर गोली चलाने के मामले में भी उसे गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में सूचक द्वारा नवादा थाना में मामला दर्ज कराया गया था। जिसके बाद हरकत में आई नवादा थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

चार बीघा के जमीनी विवाद में हुई बिनोद की हत्या

सूत्रों के अनुसार मृतक का विवाद गांव के ही कुछ लोगों से था। इस गांव में चार बीघा जबरन जोता जा रहा था, जिसमें पूर्व से ही विवाद चला आ रहा था। इसी क्रम में होली के दिन घात लगाकर बैठे लोगों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

पूर्व में भी जा चुका है जेल

माले नेता की हत्या के मामले में बिनोद जेल में था। अभी हाल ही में तीन माह पूर्व जेल से छूटा था। जेल से छूटने के बाद गांव के लोगों में दहशत व्याप्त हो गया था।

Posted By: Inextlive