Republic Day 2023 : भारत की 74वीं गणतंत्र दिवस परेड में मिस्र के राष्ट्रपति मुख्य अतिथि होंगे। मिस्र की सेना की एक सैन्य टुकड़ी भी गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेगी।


नई दिल्ली (एएनआई) । Republic Day 2023 : भारत के 74वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी भारत के 74 वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति अल-सिसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत का दौरा कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा, "यह पहली बार है कि अरब गणराज्य मिस्र के राष्ट्रपति को हमारे गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।" मिस्र की सेना की एक सैन्य टुकड़ी भी गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेगी। भारत यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति अल-सिसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ व्यापक वार्ता करेंगे और व्यापारिक समुदाय के साथ बातचीत करेंगे। उनके साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा जिसमें पांच मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। मिस्र 'अतिथि देश' के रूप में आमंत्रित
68 वर्षीय नेता 24 जनवरी को नई दिल्ली आने वाले हैं और उनकी यात्रा से दोनों देशों के बीच "टाइम-टेस्टेड" साझेदारी को गहरा करने की उम्मीद है। राष्ट्रपति सिसी ने पहले अक्टूबर 2015 में तीसरे भारत अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए और सितंबर 2016 में राजकीय दौरे पर भारत का दौरा किया था। भारत और मिस्र इस वर्ष राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष मना रहे हैं। 2022-23 में भारत की जी-20 की अध्यक्षता के दौरान मिस्र को 'अतिथि देश' के रूप में भी आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागतराष्ट्रपति सिसी का 25 जनवरी 2023 को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा और राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू उसी शाम अतिथि गणमान्य व्यक्ति के सम्मान में एक राजकीय भोज की मेजबानी करेंगी। राष्ट्रपति सिसी की द्विपक्षीय बैठक और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। विदेश मंत्री एस जयशंकर राष्ट्रपति सिसी से मुलाकात करेंगे और आने वाले गणमान्य व्यक्ति उसी दिन एक व्यापारिक कार्यक्रम में भारतीय व्यापार समुदाय के साथ बातचीत करेंगे। भारत और मिस्र बहुपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करते हैं।

Posted By: Chandramohan Mishra