RANCHI: प्योर वाटर को लेकर परेशान रहने वाले शहर के लोगों के लिए गुड न्यूज है। मात्र एक रुपए में मिनरल वाटर पा सकेंगे। वहीं, जार में पानी लेने वालों के लिए भी रेट में राहत होगी। दरअसल, रांची नगर निगम के एचवाइडीटी (बोरिंग) के पास अब आरओ प्लांट लगाने की तैयारी है। इसका प्रस्ताव बोर्ड मीटिंग में लाया जाएगा। मंजूरी मिलते ही प्लांट लगाने के लिए लोगों से आवेदन मांगे जाएंगे। ऐसे में कोई भी इंटरेस्टेड व्यक्ति प्लांट लगाकर उसे चला सकेगा। इससे रांची नगर निगम को भी राजस्व हासिल होगा।

बोतल या जार खुद लाना होगा

आफिस सुपरिटेंडेंट नरेश कुमार सिन्हा ने बताया कि आरओ प्लांट में लोगों को मिनरल वाटर तो मिलेगा, लेकिन उसके साथ बोतल नहीं दिया जाएगा। ऐसे में लोगों को अपना बोतल और जार खुद लेकर आना होगा। जार में पानी लेने वालों को कितने पैसे का भुगतान करना होगा यह बोर्ड मीटिंग में तय किया जाएगा। लेकिन एक लीटर पानी के लिए लोगों को एक रुपए देना होगा।

प्लांट के लिए मांगे जाएंगे आवेदन

बोरिंग के पास प्लांट लगाने के लिए कोई भी इच्छुक व्यक्ति आवेदन दे सकता है। इसके बाद एक निश्चित अवधि के लिए आरओ प्लांट लगाने की अनुमति दी जाएगी। इसके बदले में निगम को राजस्व देना होगा। वहीं, पानी की बिक्री से प्लांट लगाने वाले को आमदनी होगी।

अभी चुटिया व बकरी बाजार में मिल रहा आरओ वाटर

अभी रांची में दो स्थानों पर लोगों को आरओ का पानी मिल रहा है। इसके लिए चुटिया और बकरी बाजार में प्लांट लगाया गया है, जहां सात रुपए में एक जार पानी लोगों को मिल रहा है। इन दोनों ही जगहों पर पानी लेने के लिए लोगों को लाइन में इंतजार भी करना पड़ता है। वहीं दूसरे एरिया में रहने वाले लोग जाने के चक्कर में घरों में ही जार का पानी मंगाते हैं। इसके लिए लोगों को पांच गुना तक अधिक पैसे चुकाने पड़ते हैं। ऐसे में राजधानी में आरओ प्लांट लगाए जाते हैं, तो अधिक से अधिक लोगों को पीने का शुद्ध पानी मिल पाएगा।

Posted By: Inextlive