-अवैध होर्डिग, पोस्टर व वॉल पेटिंग्स हटाने के लिए चलेगा अभियान

- नगर निगम सदन ने शहर को स्मार्ट बनाने का लिया संकल्प, आशंकाएं भी जताईं

KANPUR: शहर में अवैध वॉलपेटिंग्स, होर्डिग, भद्दे इश्तिहार और जगह-जगह कब्जा कर लगाए राजनीति दलों के स्वागत बैनर के खिलाफ अभियान चलेगा। इन्हें हटाकर एक बार फिर आकर्षक पेटिंग्स से शहर की दीवारें सजेंगी। नगर निगम सदन ने सर्वसम्मति से इसके लिए प्रपोजल पास कर दिया है। इसके साथ ही नगर निगम सदन ने सर्वसम्मति से शहर को स्मार्ट सिटी बनाने का भी संकल्प लिया।

तबादले से नहीं बदलेंगी नीतियां

नगर आयुक्त के तबादले के साथ ही उनके द्वारा शुरू गए कार्यो, नीतियों पर ब्रेक लग जाता है। बता दें कि पूर्व नगर आयुक्त डीके सिंह ने दीवारों पर अवैध रूप से की गई पेटिंग्स की जगह स्कूली बच्चों व आर्टिस्ट के साथ मिलकर दीवारों पर पेटिंग कराने की ड्राइव चलाई थी। वीआईपी रोड, हडर्ड रोड, लालइमली आदि रोड पर दीवारों पर भद्दे व शर्मसार कर देने वाली पेटिंग्स की जगह आकर्षक पेटिंग्स के अभियान को कानपुराइट्स ने काफी सराहा था। पर उनके ट्रांसफर के बाद अभियान ठप हो गया। इस स्थिति पर मेयर जगतवीर सिंह द्रोण ने नाराजगी जताई। अफसरों को साफ तौर पर हिदायत दी कि नगर आयुक्त के तबादले के साथ उनके आदेश, तय की गई नीतियां, कार्यो को बन्द नहीं किया जाएगा। इसके साथ विज्ञापन पर कर निर्धारण नियमावली को भी मंजूरी दे दी गई।

वसूली जाएगी पेनाल्टी

सदन ने अवैध रूप से लगी सभी होर्डिग, पोस्टर, वॉलपेटिंग्स हटाने का डिसीजन लिया। अवैध होर्डिग, बैनर लगने पर नोटिस जारी कर जोनल अफसरों को पेनाल्टी वसूलने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। पार्षद सत्येन्द्र मिश्रा ने पार्षदों को अपने वार्ड से खुद की होर्डिग, बैनर हटाकर इस अभियान की शुरुआत करने का आह्वान किया।

स्मार्ट सिटी पर 'शंका'

सैटरडे को नगर निगम सदन ने स्मार्ट सिटी बनाने का संकल्प लिया है। इस प्रपोजल को सदन के ध्वनिमत से पारित कर दिया। हालांकि कारपोरेटर्स ने स्मार्ट सिटी योजना को लेकर सवालिया निशान जरूर लगाया। कारपोरेटर योगेन्द्र कुमार कुशवाहा ने स्मार्ट सिटी कोरी कल्पना है। हर साल 100 करोड़ मिलने से कुछ नहीं होगा। पार्षद हाजी सुहैल ने कहा कि जेएनएनयूआरएम में 1400 करोड़ खर्च हो चुके हैं। पर न तो लोगों को पानी मिला है और न ही एसटीपी बने और न ही सीवरेज लाइन चालू हो सकीं।

Posted By: Inextlive