- पांच की हालत गंभीर, क्रॉस एफआईआर दर्ज

- गंभीर रूप से घायल लोगों को सिटी के हॉस्पिटल में कराया गया एडमिट

MANDWA(JNN): सरायममरेज के छतवना गांव मे शनिवार शाम जमीनी विवाद दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। दोनों पक्ष एक दूसरे पर ईट पत्थर, गंड़ासा और डंडे लेकर टूट पड़े। दोनों पक्ष से दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को उपचार के लिए शहर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है। इस मामले में क्रास एफआईआर दर्ज की गई है।

खेत को लेकर था झगड़ा

अशोक कुमार व कमलेश कुमार के बीच जमीनी विवाद काफी दिनों से चला आ रहा है। शनिवार को भी विवादित खेत को लेकर दोनों पक्ष आपस में उलझ गए। विवाद होने लगा तो दोनाें पक्षों से कई लोग मौके पर जुट गए। मामला बढ़ता देख दोनो पक्षों के लोग लाठी, गंड़ासा, भाला सहित विभिन्न प्रकार के धारदार हथियार लेकर एक दूसरे पर टूट पड़े। अशोक कुमार, वीरेंद्र कुमार, अनारादेवी, सुरेंद्र कुमार, सीमा, उमा, आकाश कुमार, विवेक कुमार, रीमा देवी, सुजीता, रीना, ज्योति सहित दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

पुलिस पहुंची मौके पर

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पांच की हालत नाजुक होने के कारण उनको शहर भेज दिया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई है। पुलिस ने अशोक कुमार की तहरीर पर कमलेश कुमार सहित दस लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज करवा दी। कमलेश के छोटे भाई विवेक की तहरीर पर अशोक कुमार सहित चार लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज करवा दी। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

Posted By: Inextlive