टीवी की दुनिया के चर्चित चेहरे प्राचीन चौहान को महिला के साथ छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक्टर प्राचीन को शुक्रवार देर रात अरेस्ट किया गया।

मुंबई (एएनआई)। टेलीविजन अभिनेता प्राचीन चौहान को कुरार पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक 22 वर्षीय महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने कहा कि घटना मलाड (पूर्व) में चौहान के आवास पर हुई। महिला द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद अभिनेता को गिरफ्तार कर लिया गया। सहायक पुलिस आयुक्त राजेंद्र मोहिते ने गिरफ्तारी की पुष्टि की लेकिन अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया।

घर में रखी थी पार्टी
पुलिस ने कहा कि 'कसौटी जिंदगी की' सहित कई टेलीविजन धारावाहिकों में काम कर चुके अभिनेता ने गुरुवार रात अपने आवास पर एक पार्टी का आयोजन किया था। एक अधिकारी ने कहा, "शिकायतकर्ता अपने दोस्त के साथ उनके घर गई थी, जहां अभिनेता ने कथित तौर पर शराब का सेवन किया और नशे की हालत में उसे गलत तरीके से छुआ।"

महिला ने दर्ज कराई छेड़छाड़ की शिकायत
इसके बाद महिला घर गई और शुक्रवार शाम को थाने आई। उसका बयान दर्ज किया गया और बाद में छेड़छाड़, गलत तरीके से बंधक बनाने और हमले की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "अभिनेता को उनके आवास से उठा लिया गया और गिरफ्तार कर लिया गया।"

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari