Union Budget 2020: मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला आम बजट आज पेश हो रहा है। आजाद भारत में बजट पेश करने का मौका चुनिंदा लोगों को ही मिला है। इनमें भी सिर्फ दो महिलाओं को आज तक यह मौका मिल पाया है। वर्तमान केंद्रीय वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारमण 48 साल बाद बजट पेश करने वाली दूसरी महिला बनी थीं।


कानपुर। Union Budget 2020: भारत के आजाद होने के बाद से सिर्फ दो महिलाओं ने केंद्रीय बजट पेश किया है। उनमें से एक हमारी वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारमण हैं जिन्‍होंने साल 2019 में पहली बार बजट पेश किया था। यह मोदी सरकार की दूसरी पारी का पहला बजट था। यह इसलिए भी उल्‍लेखनीय था कि 48 साल बाद किसी महिला ने लोकसभा में देश का बजट पेश किया था।आजाद भारत में बजट पेश करने वाली पहली महिला इंदिरा गांधी


इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए साल 1970-71 का बजट पेश किया था। तत्‍कालीन वित्‍त मंत्री मोरारजी देसाई के अपने पद से इस्‍तीफा देने के कारण इस मंत्रालय का कार्यभार उनके पास था। ऐसे में उन्‍होंने 1970 में बजट पेश किया। इसके साथ ही वह आजाद भारत के इतिहास में लोकसभा में बजट पेश करने वाली पहली महिला बन गई थीं। उन्‍होंने लगभग साल भर इस मंत्रालय का कार्यभार संभाला। इसके बाद उन्‍होंने सरकार में गृह मंत्री यशवंत राव चव्‍हाण को वित्‍त मंत्रालय की जिम्‍मेदारी सौंप दी। वित्‍त मंत्री के तौर पर मोरारजी देसाई के नाम 10 बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड है। वे जनता पार्टी की सरकार आने के बाद देश के प्रधानमंत्री भी बने।48 साल बाद मिला मौका

इंदिरा गांधी को बाद किसी महिला को बजट पेश करने का मौका मिले इसके लिए 48 साल लंबा इंतजार करना पड़ा। जब साल 2019 में निर्मला सीतारमण ने बतौर वित्‍त मंत्री मोदी सरकार की दूसरी पारी का पहला बजट पेश किया तो 48 साल बाद किसी महिला के बजट पेश करने का रिकॉर्ड भी बन गया। इंदिरा गांधी के बाद वे केंद्र सरकार का बजट पेश करने वाली दूसरी महिला बन गईं।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari