- घर पर नहीं थे पूर्व मंत्री व बिल्डर से ठेकेदार बने नितिन गुप्ता

- जांच से संबंधित दस्तावेज ले गई टीम,

आगरा। लखनऊ के रिवर फ्रंट घोटाले में सेंट्रल ब्यूरो इंवेस्टीगेशन (सीबीआई) ने सोमवार को ताजनगरी में छापेमारी की। सीबीआई की एंटी करप्शन विंग कारोबारी व भाजपा नेता नितिन गुप्ता के आवास पर पहुंची। नितिन गुप्ता पूर्व में सपा सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रह चुके हैं। सरकार बदली तो भाजपा में शामिल हो गए।

सुबह करीब नौ बजे पहुंची टीम

सीबीआई की टीम सोमवार सुबह करीब नौ बजे विजय नगर स्थित नितिन गुप्ता के आवास पर पहुंची। आवास का गेट अंदर से बंद था। काफी मशक्कत के बाद सीबीआई की टीम को एंट्री मिली। अंदर परिजनों से जानकारी की। जांच से संबंधित जो भी डॉक्यूमेंट थे, वो जुटाए।

करीब तीन घंटे तक रुकी टीम

सीबीआई टीम करीब तीन घंटे से अधिक समय तक विजय नगर स्थित कारोबारी के आवास पर रही। दोपहर 12 बजे के बाद टीम यहां से निकल गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो टीम यहां से कुछ जरूरी दस्तावेज ले गई है।

क्या है मामला?

सीबीआई लखनऊ की एंटी करप्शन विंग ने रिवर फ्रंट घोटाले में कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गोमती नदी किनारे रिवर फ्रंट के निर्माण में करोड़ों रुपए के घोटाले की आशंका है। इसी मामले में सीबीआई ने आगरा समेत लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, रायबरेली, सीतापुर और इटावा में छापा मारा है।

बिल्डर से बने ठेकेरदार

रिवर फ्रंट घोटाले में आरोपी नितिन गुप्ता बिल्डर से सरकारी ठेकेदार बने हैं। वह 2017 में सपा सरकार में नागरिक सुरक्षा विभाग में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे हैं। शहर में उनके रियल एस्टेट के कई प्रोजेक्ट्स भी हैं।

कई जिलों में छापेमारी

सोमवार को आगरा, लखनऊ, नोएडा, रायबरेली आदि जिलों में सिंचाई विभाग के 18 इंजीनियर और अधिकारियों के घर सीबीआई ने छापेमारी की है। 2008 में नितिन बसपा, फिर 2017 में सपा और अब वर्तमान में भाजपा के साथ बताए जा रहे हैं। रिवर फ्रंट में ठेकेदार के साथ नितिन गुप्ता की फर्म अन्नपूर्णा ट्रेडिंग कंपनी पार्टनर थी।

सीबीआई को एंट्री में करनी पड़ी मशक्कत

सीबीआई टीम जब विजय नगर स्थित नितिन गुप्ता के आवास पर पहुंची तो गेट बंद था। मौके पर लोगों ने बताया कि नितिन गुप्ता अब इस आवास में नहीं रहते हैं। उनके आवास पर ताला लटका हुआ था। करीब तीन से चार महीने से यहां पर ताला लगा हुआ है। इसी मकान के दूसरे हिस्से में उनके भाई रहते हैं। सीबीआई की टीम जब पहुंची तो उसे एंट्री करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 20 से 30 मिनट बाद में टीम को मकान में एंट्री मिल सकी।

जांच से संबंधित दस्तावेज ले गई टीम

सीबीआई टीम नितिन गुप्ता के आवास से जांच से संबंधित दस्तावेज भी ले गई है। नितिन गुप्ता ने भी इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि टीम कुछ कागज ले गई है। जांच में और भी जो दस्तावेज होंगे, टीम को मुहैया कराए जाएंगे।

बॉक्स

हम जांच में पूरा सहयोग करने को तैयार

कारोबारी नितिन गुप्ता ने कहा कि जांच टीम को हम तरह से सहयोग करने के लिए तैयार हैं। उन्हें जांच संबंधी जो भी डॉक्यूमेंट की जरूरत होगी वो मुहैया कराया जाएगा। सीबीआई की टीम विजय नगर स्थित आवास पर पहुंची थी। लेकिन मैं उस समय वहां नहीं था। टीम ने संपर्क किया था। जो भी जानकारी मांगी गई वह बताई गई थी।

राजनीतिक दलों ने बनाई दूरी

नितिन गुप्ता वर्ष 2019 में भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन कर चुके हैं। चुनाव में भाजपा के लिए उन्होंने कार्य भी किया है। अब समाजवादी पार्टी में नहीं है।

वाजिद निसार, महानगर अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी

नितिन गुप्ता समाजवादी पार्टी के नेता हैं। भारतीय जनता पार्टी के न तो सदस्य हैं और न ही उन पर कोई पद है।

भानु महाजन, महानगर अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी

कार्यक्रम में तो देखे जाते हैं। मेरे सामने उन्होंने पार्टी ज्वॉइन नहीं की है। इस बारे में महानगर पदाधिकारी ही कुछ बता सकते हैं।

गिरिराज सिंह कुशवाह, जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी

Posted By: Inextlive