namit.shukla@inext.co.in

AGRA : ताजमहल की खूबसूरती के साथ यहां की परंपराओं और विविधताओं से भी पर्यटकों का परिचय कराया जाएगा। इस उद्देश्य को लेकर हेरिटेज वॉक तैयार किया जा रहा है। इसमें शहर की खासियतों को मॉडल के रूप में जीवंत उकेरा जाएगा। इस काम को करने की जिम्मेदारी क्योर कंपनी को सौंपने की तैयारी है। इसे लेकर नगर आयुक्त ने कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बुधवार को हेरिटेज वॉक एरिया का दौरा किया।

खींचा योजना का खाका

ताजमहल के इतिहास के साथ शहर से जुड़ी रोचक जानकारियों को भी पर्यटकों को देने की योजना तैयार की गई है। इसमें पर्यटक ताजमहल के आसपास पैदल वाक करेंगे, तो उसे यहां से जुड़े इतिहास, व्यवसाय, विधाएं और परंपराओं को नजदीक से समझने का मौका मिलेगा। इसकी खासियत यह होगी कि जीवंत चित्रण से उकेरी गई कृतियां अपने आप सारी कहानी कह देंगी।

निगम अफसरों ने कंपनी के साथ किया वॉक वे क्षेत्र का दौरा

इस थीम को ही नाम दिया गया है हेरिटेज वॉक। ये जामा मजिस्द से लेकर ताजमहल के बीच तैयार किया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नगर निगम आयुक्त इंद्र विक्रम सिंह और क्योर कंपनी के प्रतिनिधि ने बुधवार को मौके पर जाकर निरीक्षण किया और वॉक डेवलप करने की तैयारियों को जायजा लिया। ये काम अब बहुत जल्द पूरा किया जाएगा।

आगरा की दिखाएंगे झलक

इस थीम का मतलब पर्यटकों को आगरा के गौरवान्वित इतिहास और जानकारियों का परिचय देना है। इसी वजह से इसे हेरिटेज वॉक नाम दिया है। इसमें व्यवसाय से जुड़े पत्थर की नक्काशी, परंपराओं में कबूतरबाजी, पतंगबाजी सहित अन्य विधाओं को उकेरा जाएगा। ये टूरिस्ट के वॉक को मनमोहक यादगार बना देंगी।

Posted By: Inextlive