- सफाई कर्मचारियों ने लगाए मुर्दाबाद के नारे, ढाई घंटे हंगामा, चैनल हुए बंद

- टास्क फोर्स के एक जवान और कर्मचारी के बीच नोंकझोंक, टकराव होने से बचा

आगरा। अपर नगरायुक्त केबी सिंह के खिलाफ राष्ट्रीय सफाई मजदूर संघ, उप्र सफाई कामगार संघटन, वाल्मीकि महापंचायत के सदस्य रोड पर उतर आए। बुधवार दोपहर साढ़े 12 बजे 50 सफाई कर्मचारी नगर निगम पहुंचे। सफाई कर्मचारियों को देख गेट का चैनल बंद कर दिया गया।

टास्क फोर्स और पुलिस ने कर्मचारियों के आसपास घेरा बना लिया। कर्मचारियों ने ढाई घंटे तक अपर नगरायुक्त के खिलाफ मुर्दाबाद तक के नारे लगाए। दोपहर डेढ़ बजे टास्क फोर्स के एक जवान और कर्मचारी के बीच नोंकझोंक हुई। टकराव होने से बचा गया। किसी तरीके से स्थिति को संभाला गया। कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए निगम में नगरायुक्त निखिल टीकाराम, अपर नगरायुक्त केबी सिंह, अपर नगरायुक्त विनोद कुमार सहित अन्य अफसर व अधिशासी अभियंता मौजूद नहीं रहे। मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने कहा कि जब तक अपर नगरायुक्त माफी नहीं मांगेंगे, विरोध जारी रहेगा। राकेश चौधरी ने कहा कि छह सितंबर को सिद्धांत की मौत हुई थी। मृतक युवक को लेकर अपर नगरायुक्त ने अपशब्द कहे थे। इससे वाल्मीकि समाज में रोष है। दीपक, सुभाष, अनिकेत माथुर, विशाल, राम चौहान, सिकंदर मौजूद रहे।

----

और संभाला लिया मोर्चा : नगर निगम में आधा दर्जन के करीब सफाई कर्मचारियों के ग्रुप है। राष्ट्रीय मजदूर संघ के खिलाफ चार ग्रुप उतर आए। निगम कार्यालय में ग्रुप के 100 से अधिक लोग एकत्रित रहे।

---

गौरव पर दर्ज हैं आधा दर्जन से अधिक मुकदमे : नगरायुक्त निखिल टीकाराम ने बताया कि राष्ट्रीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गुंडा एक्ट में भी कार्रवाई हो चुकी है। मामले की जानकारी एसएसपी बबलू कुमार को दी गई है।

मृतक के परिजनों को प्रसपा देगी 50 हजार

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने वाल्मीकि समाज के मृतक युवक उमेश के परिजनों को 50 हजार रुपये की आíथक मदद देने की घोषणा की है। नगर निगम के अधिकारियों से मृतक के परिजनों को दस लाख रुपये मुआवजा देने मांग की है। प्रसपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन कोहली ने वाल्मीकि समाज के धरने का समर्थन किया। धरना स्थल पर पहुंचे नितिन कोहली ने कहा कि अपर नगर आयुक्त ने मृतक उमेश के लिए जो शब्द कहे, वह काफी निंदनीय हैं। इस दौरान प्रसपा लोहिया वाहिनी के महानगर अध्यक्ष यूनिस खान, अंजुमन चौधरी, अमरजोत साहनी, मनीष शर्मा, सुनील यादव, लक्की शिवहरे आदि मौजूद थे।

Posted By: Inextlive