- वबाग कंपनी की कार्यशैली पर उठे सवालिया निशान, क्षेत्रीय लोगों ने जताई नाराजगी

- कचहरी घाट के दस हजार लोग गंदे पानी से हुए प्रभावित, नहीं किया जा रहा स्थायी समाधान

आगरा : यमुना किनारा रोड स्थित शीरे वाली पेंच गली में गुरुवार को सीवर ने फिर से उफान मारा। इससे गली और यमुना किनारा रोड की एक लेन (आगरा किला से वाटरव‌र्क्स की तरफ) सात घंटे तक बंद रही। कचहरी घाट के दस हजार लोग प्रभावित हुए। इन्हें चक्कर लगाकर दूसरी गलियों से गुजरना पड़ा। मैनहोल और सीवर लाइन की सफाई न होने से लोगों में आक्रोश है। इसकी शिकायत मेयर नवीन जैन से की गई है। शिकायतों के बाद दोपहर बाद वबाग कंपनी की टीम पहुंची। मशीन से गंदे पानी को टैंकर में भर लिया गया। अभी तक मैनहोल और सीवर लाइन की सफाई नहीं की गई है। यह समस्या पिछले 48 घंटे से बनी हुई है।

नहीं हो रही सुनवाई : पार्षद राहुल चौधरी का कहना है कि आजमपाड़ा क्षेत्र में सीवर लाइन चोक है। दो से तीन बार इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आजतक कोई टीम नहीं आई है। पार्षद राजेश प्रजापति का कहना है कि अशोक नगर, अहीरपाड़ा सहित कई अन्य क्षेत्रों में सीवर उफान मार रहा है। चार बार इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

दस इंच की पानी की लाइन में लीकेज : शीरे वाले पेंच गली से होकर दस इंच की पानी की पाइप लाइन गुजर रही है। तीन सप्ताह से लाइन में लीकेज है। इससे क्षेत्र में जलापूíत नहीं हो रही है। गंगाजल नाली में बह जाता है।

इन बिंदुओं पर काम नहीं कर रही वबाग कंपनी

- आधा दर्जन मैनहोल पूरी तरह से चोक हैं।

- सीवर लाइन की ठीक से सफाई नहीं हो रही है।

- पानी भरने पर टैंकरों से इसे भर लिया जाता है।

- क्षेत्रीय लोगों की समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है।

- गुरुवार सुबह आठ बजे शीरे वाली पेंच गली पर पहुंचा। यमुना किनारा रोड की एक लेन गंदे पानी में डूबी थी। क्षेत्रीय लोगों ने घेर लिया और इसकी शिकायत की। वबाग कंपनी ठीक से काम नहीं कर रही है। इससे जनता परेशान है।

रवि माथुर, पार्षद वार्ड 99

- एक से दो दिन के भीतर सीवर समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन किया जाएगा। वबाग कंपनी की टीम ठीक से काम नहीं कर रही है।

- आरएन शुक्ला, निवासी कचहरी घाट

- यमुना किनारा रोड पर सीवर समस्या की शिकायत मिली है। वबाग कंपनी के अफसरों को तलब किया गया है। गंदे पानी से निजात दिलाने के आदेश दिए गए हैं।

-नवीन जैन, मेयर

Posted By: Inextlive