- सामान्य से पांच डिग्री नीचे पहुंचा अधिकतम तापमान

- रात को चली शीतलहर, 10.4 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान

आगरा: सुबह कुछ देर के लिए कोहरा छाने के बाद रविवार को गलन भरी सर्दी पड़ी। धूप निकलने पर भी लोग सर्दी में ठिठुरते रहे। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे पहुंच गया। रात को सर्द हवा तेज हो गई।

धूप में छूटी कंपकंपी

रविवार की सुबह कोहरे के साथ हुई, आठ बजे के बाद धूप निकल आई, मगर तेज सर्द हवा चलने लगी। दोपहर 12 बजे के बाद धूप तेज होती गई। धूप निकलने के बाद भी सर्दी से राहत नहीं मिली। दोपहर तीन बजे के बाद सर्द हवा तेज हो गई और धूप में भी लोगों की कंपकंपी छूटने लगी। शाम को शीतलहर चलने लगी। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 19.8 दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 10.4 रहा।

आठ डिग्री तक पहुंचेगा पारा

आज भी चलेगी सर्द हवा

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को सुबह कुछ देर के लिए कोहरा छा सकता है। दिन भर सर्द हवा चलेगी, इससे तापमान में गिरावट आएगी। 18 दिसंबर तक सुबह कोहरा छाने की आशंका है, इससे तापमान आठ डिग्री तक पहुंच सकता है। 19 दिसंबर से बादल छट जाएंगे, तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। इससे न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री तक रहने की संभावना है।

Posted By: Inextlive