आगरा। गुरुवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने शहर का मौसम सुहाना कर दिया। बारिश से लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि थोड़ी देर की बारिश से शहर की सड़कें ताल-तलैया जैसी नजर आने लगीं। इस दौरान शहर में कई स्थानों पर सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। इसके चलते चार पहिया से लेकर दोपहिया वाहन सवार इंजन में पानी भर जाने से घुटनों तक भरे पानी में जूझते नजर आए।

उमस से मिली राहत

गुरुवार सुबह करीब 11 बजे घने बादलों के छाने के बाद से ही झमाझम बारिश होने लगी। करीब आधा घंटे तक जमकर बारिश हुई। इसके बाद बारिश तो बंद हो गई लेकिन बूंदाबांदी होती रही। बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलने लगी जिससे लोगों को उमस से राहत मिली। इसका तापमान पर भी असर पड़ा। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कर 30.5 दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान 27.6 रहा।

इन स्थानों पर सड़कें बनी तलैया

झमाझम बारिश से सड़कों ने तालाब का रूप अख्तियार कर लिया। इसमें पूरे एमजी रोड-2 पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। ये स्थिति तब भी बनी रही, जब 5 लाख लोगों को जलभराव से छुटकारा दिलाने के लिए 35 लाख की लागत से साकेत कॉलोनी का नाला निर्माण किया गया। उसके बाद भी सड़कों पर जलभराव हो गया। इसके अलावा शंकरगढ़ की पुलिया, रामनगर, बोदला, बीधा नगर, दौरेठा, अलबतिया रोड, आजमपाड़ा, पश्चिमपुरी, देवरी रोड, ग्वालियर रोड, दयालबाग, खंदारी के अलावा कमलानगर में मेयर नवीन जैन के आवास से 50 मी। की दूरी पर डी ब्लॉक में जलभराव हो गया। इस दौरान थोड़ी देर की बारिश ने नगर निगम की तलीझाड़ नाला सफाई की पोल खोलकर रख दी।

बारिश में भी खोदी जा रही सड़कें

बारिश में भी सड़कों को खोदा जा रहा है। एक बच्चा नाले में डूब गया, जिसका अभी तक पता नहीं चला। वहीं प्रकाश नगर रेलवे अंडरग्राउंड क्रॉसिंग में युवक के डूबने से मौत हो गई। इस बारे में भाजपा के वरिष्ठ नेता केके भारद्वाज ने बताया कि बारिश में कई स्थानों पर सड़कें खोदी जा रही हैं। इस बारे में नगर आयुक्त से शिकायत की गई है। बारिश में कोई भी हादसा हो सकता है। बारिश के समय में खुदाई का काम जरुरी न हो तो रोक देना चाहिए।

Posted By: Inextlive