दाखिल खारिज के लिए लखनऊ की एक महिला से मांगे गए 70 हजार रुपये

नहीं मिलने पर पलटा केस, टैक्स का पैसा कम्प्यूटर में नहीं किया पोस्ट

balaji.kesharwani@inext.co.in

ALLAHABAD: नगर निगम में चढ़ावा चढ़ाए बगैर कोई काम नहीं होता। बर्थ सर्टिफिकेट बनवाना हो या फिर दाखिल खारिज हो। हर काम के लिए चढ़ावा जरूरी है। अभी तक नगर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों पर इस तरह के आरोप ही लगते थे। लेकिन इस बार सबूत सामने आया है। लखनऊ की एक महिला ने दाखिल खारिज के नाम पर नगर निगम जोन वन के एक कर्मचारी पर 70 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। सबूत के तौर पर महिला के पास ऑडियो रिकार्डिग भी है। शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की गई है।

अधिकारी के नाम पर मांगी रकम

लखनऊ में रह रही महिला की पारिवारिक संपत्ति चौक एरिया में है। उसे लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा है। महिला ने नगर निगम के जोन-1 खुल्दाबाद में दाखिल खारिज के लिए आवेदन किया। कागजात भी दिए। इसके बदले में उससे 70 से 80 हजार रुपये की मांग की गई। ये मांग किसी और ने नहीं बल्कि जोन-1 के ही एक कनिष्ठ लिपिक ने की है। ये मांग अधिकारी के नाम पर की गई है।

पैसा नहीं मिला तो दूसरा पक्ष खुश

लिपिक द्वारा पैसे की मांग की बात को महिला ने रिकार्ड कर लिया। उसका आरोप है कि पैसा न देने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। शिकायत के साथ महिला ने अधिकारियों को सबूत के रूप में ऑडियो रिकार्डिग सौंपी है।

ऑडियो क्लीप में बातचीत के अंश

महिला: हम लोग कल अर्ली मार्निग निकल पाएंगे लखनऊ से। ये बताओ वे कितनी फाइनल बोल रहे हैं।

कर्मचारी: जो मैने बताया था बस वही

महिला: वही 50 ना।

कर्मचारी: नहीं 50 कहां, 70 आपने बोला था

महिला: आपने कहा था 50 में हो जाएगा

कर्मचारी: 70 पर ही काम होगा

महिला: तो क्या पेमेंट के बाद ही आदेश की कॉपी देंगे।

कर्मचारी: नहीं ऐसा थोड़े है, काम तो आपका हो ही रहा है, काम कहां रूका है।

महिला: ठीक है, कल सुबह हम निकल रहे हैं। अभी 50 उनका दे रहे हैं। बाकी तुम्हारा दे रहे हैं। फिर आगे देख लेंगे, दे देंगे, उनका जो बाकी रह जाएगा। इतना तो हम लेकर आ रहे हैं, बैंक से हमने निकाल लिया है।

कर्मचारी: नहीं, नहीं। गड़बड़ा जाएगा।

महिला: अरे मेरा बच्चा, समझा करो।

कर्मचारी: सुनिए, 70 उनका कर दीजिए, बाकी चाहे जो करिएगा।

महिला: चलो ठीक है।

कर्मचारी: 70 उनका कर दीजिए, हमें आप जो दे देंगी, हम रख लेंगे।

महिला: चलो ठीक है। हम कॉल कर देंगे, कितने बजे पहुंचेंगे।

बॉक्स

टैक्स लिया, कंप्यूटर में नहीं चढ़ाया

जोन वन के साथ ही नगर निगम मुख्यालय में भी हाउस टैक्स जमा करने के नाम पर एक आउट सोर्सिग कर्मचारी द्वारा फ्राड का मामला सामने आया है। इसकी भी शिकायत निगम के अधिकारियों से की गई है। इस मामले में भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शहर के एक व्यक्ति ने अपने आवास का बकाया हाउस टैक्स नगर निगम में जमा किया। उसने काउंटर पर बैठे आउटसोर्सिग स्टॉफ को पैसा दिया। स्टॉफ ने रशीद दी, लेकिन कम्प्यूटर में पैसे की इंट्री नहीं की और खाते में भी एक लाख रुपये जमा नहीं किया गया। शक होने पर टैक्स जमा करने वाले ने कंप्लेन की तो हकीकत सामने आई।

Posted By: Inextlive