ईसीसी में वोटिंग के बाद छात्र परिषद का हुआ गठन

25 वोटों के अंतर से तय हुआ प्रत्याशियों में हार जीत

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: यूइंग क्रिश्चियन डिग्री कालेज में शुक्रवार को छात्र परिषद का गठन हो गया। छात्र परिषद के चुनाव के दौरान अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे थे। इस दौरान महज 25 वोटों के अंतर से लोहितार्क श्रृंगऋषि अपने प्रतिद्वंदी अंकुर राय से विजयी घोषित हुए। अंकुर राय ने 75 वोट हासिल किए, जबकि अध्यक्ष बने लोहितार्क श्रृंगऋषि ने 100 वोट हासिल किया। वहीं अध्यक्ष पद पर एक मात्र महिला प्रत्याशी लकी मिश्रा को सिर्फ 13 वोट हासिल हुए। अध्यक्ष पद के दो मत अवैध घोषित किए गए।

सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू हुआ मतदान

ईसीसी में छात्र परिषद के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह साढ़े नौ बजे से मतदान शुरू हुआ। हालांकि 11.30 बजे तक मतदान धीमी गति से होता रहा, लेकिन आखिरी के एक घंटे में सबसे अधिक वोटिंग हुई। मतदान के दौरान 192 मतों में से 190 मतदाताओं ने वोट किया। वोटिंग के बाद वोटों की गिनती शुरू हुई।

अनीश त्रिपाठी बने उपाध्यक्ष

ईसीसी में छात्र परिषद में वोटों की गिनती पूरी होने के बाद उपाध्यक्ष पद पर अनीश त्रिपाठी 85 मत प्राप्त कर विजयी घोषित किए गए। जबकि सुजीत तिवारी और विशाल उपाध्याय को 51 - 51 वोट हासिल किया। तीन मत नोटा पर पड़े। महामंत्री पद पर दीपांशु सिंह ने 92 वोट विवेक यादव को 31 मतों के अंतर से पराजित किया, अमन मिश्रा को 36 वोट प्राप्त हुए। जबकि नोटा पर एक मत पड़ा। सबसे कांटे की लड़ाई संयुक्त मंत्री पद पर हुई। इसमें आराम सिंह ने आयुष मिश्रा को मात्र 1 वोट से हराया आराम सिंह को 83 तथा आयुष मिश्रा को 82 मत हासिल हुए। जबकि नोटा को 25 मत प्राप्त हुए। उप कोषाध्यक्ष पद पर करण कुमार ने 113 मत मिले। उन्होंने गौरव द्विवेदी को 59 मतों के भारी अंतर से पराजित किया, नोटा पर 23 मत पड़े। सांस्कृतिक मंत्री पद पर जितेश शुक्ला ने 89 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी विपिन कुमार को 53 और मोहित गौतम को 38 मत मिले। नोटा पर 10 मत पड़े। चुनाव परिणाम की घोषणा करने के बाद शपथ ग्रहण समारोह हुआ। निर्वाचन अधिकारी डॉ उमेश प्रताप सिंह ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ उमेश प्रताप सिंह ने कहा कि दो चरणों में शांतिपूर्ण ढंग से इस चुनाव को संपन्न कराने में छात्रों और प्रशासन ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि आप जीते या हारें, सभी लड़े हैं और दोस्त हैं इसलिए हारने और जीतने के बाद भी आपसी सौहार्द और प्रेम बनाए रखें। प्राचार्य डॉ अरुण मोजेस ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए चुनाव अधिकारियों, प्रशासन और छात्र छात्राओं की बिना व्यवधान के चुनाव संपन्न होने पर सभी का आभार व्यक्त किया।

Posted By: Inextlive