शाम को हुई घटना पुलिस को रात में महिला के एसआरएन पहुंचने पर पता चली

पति ने दो लोगों पर जताया शक, पुलिस जांच में स्पॉट ही शक के दायरे में

prayagraj@inext.co.in

धूमनगंज एरिया में सोमवार को संदिग्ध हालात में गोली लगने से एक महिला की मौत हो गयी। बीच सड़क पर बतायी जा रही इस घटना की सूचना भी पुलिस को रात में तब लगी जब महिला को लेकर उसका पति एसआरएन हॉस्पिटल पहुंचा। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया तो महिला से जुड़े लोग अस्पताल पहुंच गये। घटना के संबंध में पति ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है तो पुलिस को मृतका के पति द्वारा बताया जा रहा क्राइम स्पॉट ही सस्पेक्टेड प्रतीत होने लगा है। पुलिस ने घटना के वक्त महिला और उसके पति के साथ मौजूद रहे तीसरे शख्त को पूछताछ के लिए बैठा लिया था।

दोपहर या शाम कब हुई घटना

मृतका का नाम बेबी बताया गया है। उसकी उम्र करीब 40 साल है। उसके पति का नाम मो रियाज है। यह दम्पति मूल रूप से धूमनगंज एरिया के पीपलगांव नसीरपुर सिलना का रहने वाला है। वर्तमान समय में यह हरवारा धूमनगंज के रहने वाले प्रापर्टी डीलर अशरफ के साथ रहता है। रियाज, अशरफ का बिजनेस देखता है तो बेबी उसके घर पर काम करती थी। रियाज द्वारा बतायी गयी कहानी के मुताबिक शाम को पांच बजे के करीब वह मुंडेरा से हरवारा जा रहे थे। बाइक शाहबान चला रहा था। वह खुद बीच में बैठा था और पत्‍‌नी बेबी पीछे बैठी थी।

नहीं सुनी गोली चलने की आवाज

रियाज का कहना है कि मुंडेरा मंडी के गेट नंबर दो के सामने उनकी पत्‍‌नी बाइक से अचानक गिर पड़ीं। बाइक रोककर देखा तो वह खून से लतपथ थीं। सीने के पास बायीं तरफ गोली लगी हुई थी। उसे लेकर वह तत्काल पास में स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचा। यहां से डॉक्टर्स ने उसे एसआरएन ले जाने की सलाह दी तो वह उसे लेकर एसआरएन पहुंच गया। यहां रात साढ़े नौ बजे बेबी की मौत हो जाने की पुष्टि कर दी गयी। रियाज का कहना है कि उसने गोली चलने की आवाज नहीं सुनी लेकिन मौके से नन्हकू यादव और लाला उर्फ सलाउद्दीन को भागते हुए देखा था। इससे आशंका जतायी जा रही है कि उन्हीं दोनों ने उसे मौत के घाट उतारा होगा। क्यों? के जवाब में उसका कहना था कि वह अशरफ के साथ रहता है है ये लोग अशरफ को पसंद नहीं करते। बाहुबली सांसद अशरफ के चलते भी दोनो से रंजिश है।

चचेरे भाई के बयान ने बदली कहानी

एसआरएन पहुंची पुलिस ने रियाज के चचेरे भाई शाहबान से पूछताछ की तो उसने बताया कि घटना दिन में दो बजे हुई थी। इससे पुलिस का घटना को लेकर शक बढ़ गया। देर रात तक यह सूचना भी आने लगी कि हत्या मरियाडीह एरिया में की गयी है। मर्डर स्पॉट जानबूझकर दूसरा दिखाया जा रहा है। वैसे पुलिस स्पॉट के आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी का फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना की पुष्टि हो और बदमाशों का कुछ सुराग हाथ लगे।

अशरफ की अतीक से है अदावत

रियाज जिस अशरफ के साथ रहता है, उसकी बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद से अदावत चल रही है। वर्ष 2017 में अशरफ ने अतीक के खिलाफ कुल तीन मुकदमे दर्ज कराये हैं। दो कर्नलगंज और एक धूमनगंज थाने में। संयोग से इन तीनों मुकदमों में रियाज गवाह है। बताते हैं कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही वह पत्‍‌नी को लेकर अशरफ के घर पर ही रहता है।

सलाउद्दीन ने लिखवाया था अशरफ के खिलाफ मुकदमा

रियाज ने घटना में जिन दो लोगों नन्हकू यादव और लाला उर्फ सलाउद्दीन का नाम लिया है वह पेशबंदी का हिस्सा भी हो सकता है। पुलिस इसे भी ट्रैक करने में लगी है। बताया जाता है कि ये दोनों अतीक के करीबी हैं। करीब एक महीना पहले सलाउद्दीन ने अशरफ के खिलाफ धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

नन्हकू यादव और सलाउद्दीन को हिरासत में ले लिया गया है। साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। जो एवीडेंस सामने आयेंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

शमशेर बहादुर सिंह

इंस्पेक्टर, धूमनगंज

Posted By: Inextlive