एक कांग्रेसी कार्यकर्ता झुलसा, पुलिस ने कराया शांत

आमने-सामने आ गए थे दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता

ALLAHABAD: नोट बंदी पर भाजपा और कांग्रेस की रार सड़कों पर आ गई है। बुधवार को दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई और एक कांग्रेसी का चेहरा झुलस गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कराया। कांग्रेस का कहना है कि नोट बंदी के खिलाफ आवाज बुलंद करने वालों के साथ भाजपा मारपीट पर आमादा है। जिसे कतई बर्दाश्त नही किया जाएगा।

पुतले को लेकर हुई छीना झपटी

बुधवार को मेडिकल कॉलेज चौराहे पर कांग्रेसी कार्यकर्ता नोट बंदी के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री का पुतला फूंक दिया। इसी दौरान वहां पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता नोट बंदी का समर्थन करते हुए जनता का आभार व्यक्त करने में लगे थे कि पीएम का पुतला जलता देख दोनों ओर से तीखी झड़प शुरू हो गई। भाजपाईयों ने पुतला छीनना चाहा तो कांग्रेसियों ने विरोध किया। इस छीनाझपटी में कांग्रेसी कार्यकर्ता जिशान अहमद का चेहरा झुलस गया। दोनों पार्टियों के बीच बीच चौराहे हो रही मारपीट देखने वाले तमाशबीनों की भीड़ जुटने लगी।

पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं को अलग थलग कराया। कांग्रेस की ओर से हसीब अहमद और श्रीश चंद्र दुबे का कहना है कि भाजपा नोट बंदी की खिलाफत करने वालों का मुंह बंद कराने में लगी है। ऐसे में कांग्रेस ईट का जवाब पत्थर से देने को तैयार है। पुतला फूंकने वालों में रिंकू तिवारी, सुधीर, इश्तेयाक अहमद, विजय श्रीवास्तव, कैफ वारसी, अरशद अली, मजहर खान आदि शामिल थे।

Posted By: Inextlive