अब पार्किंग के ठेके में सामने आया फ्राडगिरी का खेल

रजिस्टर्ड ठेकेदार के नाम पर किसी और ने ले लिया ठेका

ALLAHABAD: नगर निगम में फ्रॉड और फ्रॉडगिरी हावी है। कभी कोई नौकरी दिलाने के नाम पर पैसा वसूल लेता है तो कभी कोई ठेका दिलाने के नाम पर। इस बार तो फ्राड करने वालों ने नगर निगम के रजिस्टर्ड ठेकेदार के नाम पर टेंडर डालने के साथ ही डीडी भी जमा कर दी। जब शेष धनराशि के लिए नगर निगम की ओर से नोटिस जारी किया गया तो रजिस्टर्ड ठेकेदार को मामले की जानकारी हुई। उसने नगर आयुक्त और मेयर से मामले की शिकायत की है।

नोटिस आयी तो उड़े होश

अंबेडकर नगर के मालीपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी अशोक कुमार मिश्र नगर निगम के रजिस्टर्ड ठेकेदार हैं। कुछ दिनों पूर्व अशोक मिश्र के नाम से कमला नेहरू रोड स्थित संत जोसफ कॉलेज के पास वाहन पार्किंग ठेका के लिए आवेदन किया गया। टेंडर पास हो गया। फर्जी टेंडर डालने वाले ने एक लाख 92 हजार की डीडी जमा कर दी। जब शेष राशि के लिए नगर निगम की ओर से नोटिस जारी किया गया तो वह सीधे अशोक के पास पहुंची। नोटिस मिलते ही अशोक मिश्र के होश उड़ गए। वे भागे नगर निगम पहुंचे तो उन्हें पूरे मामले की जानकारी हुई।

मेयर से की शिकायत

सोमवार को ठेकेदार अशोक मिश्र ने मेयर अभिलाषा गुप्ता से इसकी शिकायत की। नगर आयुक्त के नाम भी पत्र लिखा। उन्होंने मेयर को बताया कि उनकी ओर से वाहन पार्किंग के लिए कोई टेंडर नहीं डाला गया है। किसी और ने उनके नाम से टेंडर भरा और आवंटन भी करा लिया। मेयर अभिलाषा गुप्ता ने जांच का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त के अवकाश से आने पर उनसे बात की जाएगी।

फ्राड से नाता

प्राइवेट कंपनी नगर निगम में संविदा कर्मियों की कर रही थी भर्ती

ठेका दिलाने के नाम पर बाहर की कंपनी से एठ लिए थे दस लाख

Posted By: Inextlive