मंगलवार की रात शाहगंज एरिया में भारी बारिश के बीच ढहा मकान, मलबे में दबकर मरी परवीन

मंगलवार की रात बारिश के चलते मकान ढहने के चलते मलबे में फंसकर बुरी तरह से जख्मी हुई शाहगंज थाना क्षेत्र के हमाम गली की रहने वाली परवीन की बॉडी बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद उसके घर पहुंची तो कोहराम मच गया। उसकी मां और बहन अचेत हो गयीं। दोनों को संभालने में पड़ोसियों की आंखें नम हो गयीं।

दो मंजिला मकान हुआ था धराशायी

हमाम गली में सुहाग स्टोर के सामने स्थित दो मंजिला मकान में स्व। मो। उमर की पत्नी कमरजहां अपनी पुत्री सबा, जेबा परवीन व रूबी के साथ मकान के दूसरे तल पर रहती थीं। घर काफी जर्जर था। मंगलवार देर रात ऊपर की छत गिर गई, जिसमें कमरजहां और उनकी बेटियां मलबे में दब गईं थीं। दमकल कर्मियों के साथ एनडीआरएफ की 20 सदस्यीय टीम निरीक्षक जगदीश राणा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची थी। कमरजहां और सबा व रूबी को सकुशल निकाल लिया गया था, लेकिन जेबा परवीन बिल्कुल नीचे दबी थी, जिस कारण उसे बड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया था। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।

बारिश ने उड़ायी नींद

हमाम गली में बारिश के बीच हुए जर्जर मकान ढहने की घटना ने शहर में करीब एक सैकड़ा से अधिक जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों की नींद उड़ा दी है। नगर निगम इन मकानों को चिन्हित भी कर चुका है लेकिन इसे ढहाने में पेंच फंसा है। स्वामित्व के चलते जर्जर होने के बाद भी इसमें लोग निवास करते हैं। मंगलवार से शुरू हुई बारिश बुधवार को भी जारी रही। कहीं भारी तो कहीं हल्की बरसात हुई।

Posted By: Inextlive