सांसद डिंपल यादव ने भाजपा पर किया जमकर कटाक्ष, जनता के बीच प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई

ALLAHABAD: विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के अंतिम दौर में समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा व जनसंपर्क के लिए ताकत झोंक दी है। सोमवार को सपा की स्टार प्रचारक और सांसद डिंपल यादव इलाहाबाद पहुंची। उन्होंने शहर पश्चिमी की प्रत्याशी ऋचा सिंह के समर्थन में जनसभा करते हुए भाजपा-बसपा पर जमकर प्रहार किया, और समाजवादी पार्टी की उपलब्धियां गिनाई।

गठबंधन नहीं आ रहा रास

ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर आयोजित सभा में भाजपा पर कटाक्ष करते हुए सांसद डिंपल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन भाजपाईयों को रास नहीं आ रहा है। भाजपा के दिग्गज नेता हमारे गठबंधन पर सवाल उठाते फिर रहे हैं, जबकि खुद बसपा से रक्षाबंधन मनाने की तैयारी में जुटे हैं।

सपा ने किया चहुंमुखी विकास

समाजवादी पार्टी की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि सपा शासन ने प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। युवाओं को नौकरियां दी गई, पुलिस व अन्य विभागों में सालों से लंबित प्रमोशन किए गए। महिला सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन शुरू की। 100 डायल, 108 एंबुलेंस सहित कई जनहित योजनाएं चलाई गई, जिसका लाभ पूरा प्रदेश उठा रहा है। इंटर पास बच्चों को लैपटाप बांटा। फिर सत्ता में आए तो स्मार्ट फोन बांटेंगे।

महिलाओं को कुकर, बच्चों को घी

डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा तो बसपा के साथ पहले भी गठबंधन कर सरकार बना चुकी है। इस बार भी चुनाव बाद फिर से गठबंधन की फिराक में है। उन्होंने समर्थकों से कहा कि सपा और बसपा सरकार में हुए विकास कार्यो की तुलना कर लें, किसने बेहतर काम किया। अगर प्रदेश में सपा की दुबारा सरकारी बनी तो महिलाओं को कुकर और बच्चों को एक किलोग्राम घी दिया जाएगा।

Posted By: Inextlive