सिर्फ शहरी एरिया में ही महिलाओं की मतदान ड्यूटी लगाने का फरमान

ALLAHABAD: निकाय चुनाव में महिलाओं के ऊपर विशेष मेहरबानी नजर आ रही है। इनकी ड्यूटी को लेकर तमाम एहतियात बरते जा रहे हैं। एक पोलिंग टीम में केवल एक महिला कर्मी होगी, वह भी शहरी एरिया में। दूर दराज के इलाकों में महिलाओं की ड्यूटी नही लगाई जाएगी। इनको मतदान से एक दिन पहले पोलिंग बूथ नहीं जाना होगा। अधिकारियों का कहना है कि जिनकी वाकई मजबूरी है, उन महिलाओं को चुनाव ड्यूटी से छूट भी दी गई है।

अपनाया गया है नरम रुख

विधानसभा की तरह निकाय चुनाव में भी आयोग ने महिलाओं की ड्यूटी लगाने में नरम रुख अपनाया है। महिलाओं को मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए रूरल एरिया में नही जाना होगा। वह नगर एरिया में ही अपनी ड्यूटी पूरी करेंगी। नगर पंचायत में उनकी तैनाती नहीं की गई है। उन्हें मतदान वाले दिन सुबह बूथ पर हाजिरी देनी होगी। एक दिन पहले जाने की उन्हें मजबूरी नहीं होगी।

838 महिलाओं की लगी ड्यूटी

चुनाव के दौरान नगर निगम एरिया में कुल 838 पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। प्रत्येक पार्टी में एक महिला कर्मी को भी शामिल किया गया है। इनको पीठासीन टू की पोस्ट पर तैनात किया गया है। इस तरह से मतदान वाले दिन 838 महिलाएं चुनाव ड्यूटी में लगाई जाएंगी। बता दें कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी महिलाओं को काफी सहूलियत देते हुए नगर क्षेत्र में उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। रूरल एरिया में उनको भेजने से आयोग ने इंकार कर दिया था। रिजर्व पार्टी में भी महिलाओं को रखा जाएगा। जो महिलाएं किसी कारण से टीम में शामिल नहीं हो पाएंगी, उनकी जगह रिजर्व महिलाओं को रखा जाएगा।

फिर भी नहीं करनी ड्यूटी

यह भी विंडबना ही है कि इतनी छूट के बावजूद कई महिलाएं हैं जो चुनाव ड्यूटी करने से बच रही हैं। बड़ी संख्या में महिलाओं ने ड्यूटी से निजात पाने के लिए जोर-जुगाड़ लगाना शुरू कर दिया है। वह अपनी अप्लीकेशन लेकर अधिकारियों के चैंबर के चक्कर काट रही हैं।

फैक्ट फाइल

838 है नगर निगम में कुल मतदान स्थलों की संख्या।

838 महिलाएं चुनाव ड्यूटी में लगाई जाएंगी।

4190 कर्मचारियों की जरूरत पड़ेगी मतदान में।

1257 है रिजर्व कर्मचारियों की संख्या।

20300 जिले में कार्मिकों की कुल उपलब्धता।

6190 कुल कार्मिकों की आवश्यकता।

महिलाओं की ड्यूटी नगर क्षेत्र में लगाई गई है। एक टीम में एक महिला कर्मी होगी। उन्हें पीटू यानी पीठासीन अधिकारी दो बनाया जाना है। महिलाओं के प्रति आयोग ने नरम रुख अपनाया है।

-दिनेश तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, निकाय चुनाव

Posted By: Inextlive