-विशारतगंज के जित्तौर गांव में तमंचा लेकर घर में घुसे दो दबंग

-विरोध पर पीडि़ता को पीटा, चीख पुकार पर ग्रामीण दौड़े तो भागे दरिंदे

VISHARATGANJ : देहात इलाके में दरिंदों का दुस्साहस दिनों दिन बढ़ता ही जा रहा है। विशारतगंज के जित्तौर गांव में थर्सडे को दिनदहाड़े दबंगों ने घर में घुसकर तमंचे के बल पर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध पर उसकी जमकर पिटाई की। महिला के चीख-पुकार पर ग्रामीण दौड़े तो आरोपी तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। महिला ने थाने में जाकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस के मुताबिक घटना की जांच कराई जा रही है।

पति गया था मजदूरी करने

थाना क्षेत्र के जित्तौर गांव निवासी एक शख्स बरेली में मजदूरी करता है और रोज सुबह को बरेली जाकर शाम को घर लौट आता है। जानकारी के अनुसार वह गुरुवार को भी मजदूरी करने बरेली शहर गया था। घर में उसकी पत्नी तथा तीन बच्चे थे। दोपहर में पत्नी खाना पका रही थी और तीनों बच्चे खेल रहे थे। तभी गांव के दो दबंग घर में घुस आए और दरवाजा अंदर से बंद कर दिए। आरोप है कि शराब के नशे में धुत दोनों दबंग घर में घुसते ही विवाहिता पर टूट पड़े और उसके साथ मनमानी करने लगे। महिला दूसरे कमरे की ओर भागी तो दरिंदों ने तमंचा तान दिया। फिर महिला ने विरोध किया तो उसकी जमकर पिटाई की गई जिससे वह लहूलुहान हो गई। इसके बाद महिला ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। उसके बच्चे भी मारे दहशत में रोने-चिल्लाने लगे। चीख-पुकार सुनकर दर्जनों की तादाद में लोग उसके घर के बाहर आ गए। यह देख आरोपी तमंचा लहराते हुए महिला को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। महिला ने फोन कर पति को बुलाया और फिर विशारतगंज थाने जाकर शिकायत की। उसने पुलिस को तहरीर भी दी मगर पुलिस ने जांच करने को कहकर मामले को टरका दिया। यही नहीं पुलिस ने महिला का इलाज भी नहीं कराया। कार्यवाहक एसओ आरके वर्मा ने बताया कि महिला ने गांव के ही विनोद व महेंद्र पाल के खिलाफ तहरीर दी है। छानबीन कराई जा रही है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।

Posted By: Inextlive