- सुभाषनगर के करेली गांव में ट्यूजडे दोपहर अपने घर में ही बेड के नीचे पड़ा मिला था महिला का शव

- घर से बदबू आने पर मोहल्ले वालों ने की थी शिकायत, कई दिनों से शव के साथ रह रहा था पति

बरेली। अपने घर में ही बेड के नीचे मृत मिली महिला की बेरहमी से पीटकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम में उसके शरीर पर चोटों के कई निशान मिले हैं। हालांकि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पोस्टमॉर्टम में शव का बिसरा प्रिजर्व किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना

ट्यूजडे शाम सुभाषनगर क्षेत्र के गांव करेली निवासी 25 वर्षीय ममता का सड़ा-गला शव ससुराल में बेड के नीचे मिला था। ससुराल में ममता अपने पति मनोज के साथ रहती थी। शव सड़ जाने के बावजूद मनोज उसी घर में रहता रहा और किसी को भी इसकी जानकारी नहीं होने दी। घर से बदबू आने पर मोहल्ले वालों ने मृतका के मायके में सूचना दी थी। सूचना पर पहुंचे ममता के भाई मुकेश ने हत्या का आरोप लगाया था। बताया कि कुछ दिन पहले ससुराल वालों ने उनकी बहन की बेरहमी से पिटाई की थी।

नहीं हुई मौत के कारण की पुष्टि

वेडनसडे को हुए पोस्टमार्टम में उसके शरीर पर कई चोटों के कई निशान मिले हैं, जिसके आधार पर कहा जा रहा है कि उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। हालांकि इन चोटों में कोई भी निशान इतना गहरा नहीं है, जिसे हत्या का कारण माना जा सके। साथ ही ममता को किसी बीमारी के भी लक्षण नहीं मिले हैं, इसके चलते विसरा प्रिजर्व कर जांच को भेजा गया है।

चोटें भले ही मिली हैं लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। विसरा जांच के लिए भेजा जाएगा। मृतका का पति अभी हिरासत में है। मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर भी नहीं मिली है।

- सुनील कुमार, इंस्पेक्टर सुभाषनगर

Posted By: Inextlive