-वार्ड नंबर- 68 एरिया बाहर से चमाचम, अंदर से आज भी बदहाल

-वार्ड नंबर 10 के राजेन्द्र नगर पश्चिमी की सड़कों पर लगा रहता है गंदा पानी

GORAKHPUR: सिटी में इन दिनों हर तरफ विकास कार्य जोरों पर है। बदलाव भी दिखने लगा है, लेकिन पुराना गोरखपुर का इलाका आज भी वैसे ही है। वार्ड नंबर 68 का गोरखनाथ रोड तो चमक रहा है, लेकिन वार्ड के अंदर की सड़कें और गंदगी लोगों को काफी परेशान कर रही हैं। ठीक यही हाल वार्ड नंबर 10 के राजेन्द्र नगर पश्चिमी का भी है। यहां की सड़कों पर बिना बरसात गंदा पानी लगा रहता है। लोग अफसरों से शिकायत करते हैं, लेकिन समाधान नहीं होता। वहीं, इन दिनों वार्ड की महिला पार्षदों को तो लोगों ने चुनाव के बाद देखा भी नहीं है।

नहीं बदली सूरत

समाधान की आस लगाए लोगों की गुहार पर मंगलवार को दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम वार्ड नंबर 68 पुराना गोरखपुर पहुंची। यहां लोगों का कहना था कि हर वार्ड इस समय चमक रहा है। लेकिन पुराने गोरखपुर में बदलाव नहीं हो रहा है। लोगों ने जगह-जगह टूटी सड़कें दिखाईं और जाम नाली से रास्ते में जमा पानी दिखाकर अपनी प्रॉब्लम को शेयर किया। उनका कहना था कि बार-बार पार्षद को कॉल की जाती है लेकिन वो कम्प्लेन को गंभीरता से नहीं लेती हैं। शादी हो या अन्य फंक्शन पड़ने पर रिलेटिव भी गंदगी देखकर नाक मुंह सिकोड़ते हैं। बोलते हैं कि कैसी जगह पर आप लोग रहते हैं। यहां तो कोई भी बीमार पड़ जाएगा।

वार्ड की अन्य समस्याएं

-सफाई नहीं होती।

-नाली जाम रहती है।

-नाली में बिजली की लाइन दौड़ा दी है।

-मेडिकल वेस्ट के लिए नहीं है अलग अरेंजमेंट।

कोई सुनता ही नहीं

इसके बाद टीम वार्ड नंबर 10 राजेन्द्र नगर पश्चिमी पहुंची। यहां लोगों ने मेन सड़क को दिखाया। जहां पर टूटी सड़क लबालब पानी से भरी थी। रिपोर्टर ने पानी देख पूछ ही लिया कि यहां बारिश हुई है क्या। इस पर वार्डवासी बोले कि सर्दी, गर्मी और बरसात हर समय यहां पर गंदा पानी लगा रहता है। टूटी नाली और खस्ताहाल सड़क की मरम्मत कराने के लिए कई बार कम्प्लेन की गई। ना तो पार्षद जी इसके लिए गंभीर होते है और ना ही नगर निगम कोई ठोस कदम उठाता है।

वार्ड की अन्य समस्याएं

-टूटी बदहाल सड़कें।

-मेडिकल वेस्ट भी कूड़े के साथ उठाते हैं।

-कभी फागिंग नहीं होती।

-नाली की नहीं होती सफाई।

कोट

घर में शादी थी तभी से कम्प्लेन कर रहा हूं। आज तक समाधान नहीं हुआ। गंदे पानी के लगने से सड़क नरक बनी गई है।

अविनाश मिश्रा, वार्ड नम्बर 68

मैंने कई बार कम्पलेन की, लेकिन पार्षद प्रतिनिधि आकर देखकर चले जाते हैं। कभी इस प्रॉब्लम को सॉल्व नहीं करते।

आशुतोष कुमार, वार्ड नम्बर 68

यहां से जहां तक देखेंगे सड़कें टूटी ही नजर आएगी। नाली में भी बिजली का तार लगाया गया है जो बड़ा खतरा पैदा कर सकता है।

राजेश शर्मा, वार्ड नम्बर 68

बच्चे घर से जाते हैं तब चिंता लगी रहती है कहीं गंदे पानी में गिरकर ना आए। कई बार गिर भी चुके हैं। अब तो कम्प्लेन करके थक गए हैं।

रंजना देवी, वार्ड नम्बर 10

सफाई नहीं होती। कुछ जगह चमका कर पार्षद का काम पूरा हो जाता है। कम्प्लेन के बाद भी टूटी सड़क को दुरुस्त नहीं करा पाए।

विष्णु कुमार, वार्ड नम्बर 10

दो पार्षदों का वर्जन आएगा

Posted By: Inextlive