- 4 से 8 मार्च तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति

- जिला स्तर से लेकर ब्लाक तक बनायी गई आपत्तियां लेने की व्यवस्था

- आपत्तिकर्ता के सामने होगा निस्तारण, करायी जाएगी वीडियो रिकार्डिंग

GORAKHPUR: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, ग्राम पंचायत वार्डों एवं ग्राम पंचायत प्रधान पद के लिए आरक्षण आवंटन सूची मंगलवार को जारी कर दी गई है। चार मार्च से सूची पर आपत्तियां ली जाएंगी। जिसे सूची से शिकायत होगी वह ब्लॉक मुख्यालय, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय या डीएम कार्यालय में आठ मार्च तक लिखित आपत्ति कर सकता है। आपत्तियों का निस्तारण जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय कमेटी करेगी। इसमें मुख्य विकास अधिकारी इंद्रजीत सिंह, डीपीआरओ हिमांशु शेखर ठाकुर एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत एके सिंह शामिल हैं।

ब्लॉक प्रमुख के 13 पद आरक्षित

इस बार बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के आरक्षण बदले हैं। जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत वार्डों के पदों का आरक्षण भी बदल गया है। ब्लॉक प्रमुख के 20 में से 13 पद आरक्षित किए गए हैं। लंबे समय से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे लोगों ने सूची पर सवाल उठाए हैं। बुधवार को भी चार लोग आपत्ति लेकर पहुंचे। उनकी आपत्ति स्वीकार कर ली गई है।

आपत्ति प्राप्त करने की यह होगी व्यवस्था

डीपीआरओ हिमांशु शेखर ठाकुर ने बताया कि आपत्ति प्राप्त करने की व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी रहेगी। जिला मुख्यालय पर दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गई है। हर आपत्ति को रिसीव किया जाएगा। उसे रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। ब्लाक मुख्यालयों पर भी इसी तरह की व्यवस्था करने को कहा गया है।

कैमरे की निगरानी में होगा निस्तारण

चार से आठ मार्च तक प्राप्त आपत्तियों को नौ मार्च को डीपीआरओ कार्यालय लाया जाएगा। उसी दिन से इनका निस्तारण भी शुरू हो जाएगा। 12 मार्च तक निस्तारण का काम पूरा कर लेना है। डीपीआरओ ने बताया कि विकास भवन सभागार में आपत्तियों का निस्तारण होगा। इस दौरान आपत्तिकर्ताओं को भी बुलाया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकार्डिंग करायी जाएगी।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पदों एवं क्षेत्रों की आरक्षण आवंटन सूची दो मार्च को जारी कर दी गई है। सूची पर चार से आठ मार्च तक आपत्ति की जा सकती है। लोग लिखित रूप में ब्लॉक मुख्यालय, डीपीआरओ कार्यालय या डीएम कार्यालय में आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

- के। विजयेंद्र पांडियन, जिलाधिकारी

Posted By: Inextlive