गोरखपुर (ब्यूरो)।टूटी सड़क, नाली और पानी की परेशानी पब्लिक अभी भी झेल रही है। निगम में पैसा आया, आपके वार्ड तक सुविधा नहीं पहुंची इसमे नगर निगम या पार्षद आखिर कौन जिम्मेदार है। ये सब देखते हुए पब्लिक को इस बार मेयर और पार्षद का चुनाव करना होगा तभी उन्हें परेशानी से निजात मिल पाएगा।

समस्याओं को सुनकर भाग रहे नेता

कैंपेन के दौरान जब वार्ड में पार्षद प्रत्याशी जा रहे हैं। तब पब्लिक वहां की समस्याओं से अवगत करा रही है। ऐसे में पूर्व पार्षद रहे नेताजी तो इधर उधर की बात करके गोल हो जा रहे हैं। जबकि पहली बार चुनाव मैदान में आए प्रत्याशियों को एक अच्छा मुद्दा मिल जा रहा है। जिसे दिखाकर वो पूर्व पार्षद की पोल खोल रहे हैं।

सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट

वार्ड नंबर 58 सूर्यकुंड धाम नगर के शक्तिपुरम कॉलोनी की एक समस्या की फोटो सोशल मीडिया पर आदित्य सिंह ने शेयर की है। आदित्य ने लिखा है कि अभी हाल ही में कॉलोनी में इंटरलॉकिंग का काम हुआ था। इसके बाद से ही सड़क पर नाली का गंदा पानी लग जाता है। उन्होंने बताया कि इसकी वजह से आवागमन में परेशानी आती है। वहीं, नगर निगम ने इसे परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया तो बीमारियां भी पांव पसार सकती हैं।

खोदकर छोड़ दी सड़क

गोरखनाथ एरिया, बिछिया, आजाद नगर, पादरी बाजार समेत कई एरियाज में सीवर लाइन बनाने के लिए सड़कें खोदी गईं। काम पूरा हुए एक साल से अधिक समय बीत गया लेकिन अभी तक सड़के टूटी पड़ी हैं। जबकि काम करने वाली एजेंसी ने बताया था कि सीवर लाइन बिछने के बाद ही सड़क भी दुरुस्त हो जाएगी। लेकिन इतना समय बीतने के बाद भी लोग जैसे तैसे टूटी सड़क पर चलकर काम चला रहे हैं।

नहीं आया पानी

मानस विहार कॉलोनी वार्ड नंबर 35 में आज तक पीने के पानी की सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। कालोनी के सुरेन्द्र ने बताया कि करीब तीन साल पहले 15 हजार घरों में वाटर सप्लाई के लिए कनेक्शन दिया गया था। लेकिन आज तक पाइप लाइन में कभी पानी की सप्लाई नहीं चालू की जा सकी, जिससे यहां की पचास हजार आबादी पानी से वंचित है।

हमार शहर स्मार्ट सिटी की दौड़ में शामिल हो चुका है। इसके बाद भी यहां सड़कें आज तक नहीं दुस्स्त हो पाई हैं। कई कालोनियों में टूटी सड़क से पब्लिक रोज परेशान होती है।

जय चौरसिया, मोहद्दीपुर

वार्ड में मोहल्ला क्लिीनिक, अच्छे स्कूल भी आते हैं। इनको लेकर कभी कोई पार्षद आवाज बुलंद नहीं करता है। पुराने समय से ही एक मुद्दा इनका चला आ रहा है। इसके बाद भी उस परेशानी को दूर नहीं कर पाए हैं।

सामर्थ त्रिपाठी

अभी हाल ही में इंटरलॉकिंग हुई थी। जिसमे नाली का जरा भी ध्यान नहीं दिया गया। अब यहां सड़क पर गंदा पानी लगा रहता है। जिससे आने जाने में भी परेशानी होती है। इससे बीमारी भी फैल सकती है।

आदित्य सिंह, सूर्यकूंडधाम नगर वार्ड 58