-बिल्हौर के सुभानपुर का मामला, शव के पास मिली अधिया बंदूक

-परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस सुसाइड मान रही

KANPUR : बिल्हौर में गुरुवार की रात मकान की छत पर सो रहे स्वास्थ कर्मी की गोली लगने से मौत हो गई। उसका खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर शव को पोस्टमॉर्टम भेज दिया। परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस इसे सुसाइड मान रही है। एसओ का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई का पता चल सकेगा, फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

अचानक चली गोली

बिल्हौर के सुभानपुर में रहने वाले रामू दिवाकर (50) प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में जॉब करते थे। उनके परिवार में पत्नी उर्मिला, तीन बेटे अजय, विजय, संजय और दो बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। अजय काम के सिलसिले में बाहर रहता है, जबकि विजय और संजय परिवार समेत रामू के साथ रहते हैं। गुरुवार की रात को रामू खाना खाने के बाद पहली मंजिल पर सोने चले गए। वो चारपाई में मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे, जबकि विजय छत पर सो रहा था। संजय समेत अन्य परिवार के सदस्य कमरे में सो रहे थे। रात को करीब ढाई बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुल गई। वे भागकर रामू के पास पहुंचे तो उसका खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा था। उसी के बगल में अवैध अधिया बंदूक पड़ी थी। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक ने मौके पर जाकर जांच कर शव को पोस्टमार्टम भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया उसके गोली मारकर सुसाइड करने का दावा कर रही है, जबकि बेटे विजय ने उसकी हत्या का आरोप लगाया है।

सिर को फाड़कर िनकली गोली

रामू कटियार को गर्दन पर सटाकर गोली मार गई है। गोली उसके गर्दन से सिर को फाड़ते हुए निकल गई है। प्रथम दृष्टया शव के पास से बरामद अधिया से ही उसको गोली लगने की आशंका जताई है। पुलिस ने अधिया को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।

हत्या की ओर इशारा

पुलिस भले ही रामू के सुसाइड करने का दावा कर रही है, लेकिन परिस्थितियों से उसकी हत्या की ओर इशारा हो रहा है। अगर उसको सुसाइड करना था तो वो दिन में सुसाइड कर सकता था, फिर उसने इतनी रात को क्यों सुसाइड की। यह गले से नहीं उतर रहा है।

Posted By: Inextlive