-जेल में 45 महिला बंदियों ने रखा करवाचौथ का व्रत

-इसमें दो महिलाओं पर है पति के कत्ल का आरोप, प्रेमी के लिए रखा व्रत

-जेल प्रशासन ने एक संस्था के सहयोग से जेल में करवाचौथ की पूजा की व्यवस्था की

-तीस महिलाओं के पति भी हैं जेल में, जेल प्रशासन ने दिन में मुलाकात कराई

KANPUR : जेल की सलाखों में कैद महिला बंदी भी करवाचौथ का व्रत रखती हैं। इसके लिए जेल में सारा इंतजाम किया जाता है। यह तो आपको पता होगा, लेकिन आपको जानकर हैरत होगी कि जेल में उन महिला बंदियों ने भी करवाचौथ का व्रत रखा था जो पति के कत्ल के ही आरोप में जेल में हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि इन महिलाओं ने किसकी लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था तो जानकर हैरानी होगी कि इन महिला बंदियों ने दूसरे पति यानि प्रेमी की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था, जिसके साथ रहने के लिए ही उन्होंने पति का कत्ल किया या उसके कत्ल में प्रेमी का साथ दिया। हालांकि इस बाबत जेल अधिकारियों से बात की गई तो वो चुप्पी साध गए।

प्यार को पाने के लिए किया

इन महिला बंदियों को अपनी करनी पर अफसोस है। उनका कहना है कि उन्हें अपनी करनी का फल ही मिल रहा है, तभी तो वो जेल में हैं। वो प्यार को पाने के लिए तलाक जैसा दूसरा तरीका भी अपना सकती थीं, लेकिन उन्होंने गलत तरीका अपना लिया। उनका कहना है कि उन्होंने सिर्फ प्यार को पाने के लिए यह किया था। इसलिए उन्होंने प्यार की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखा है।

45 महिला बंदियों ने रखा व्रत

जेल की महिला बैरक में सौ से ज्यादा महिला बंदी हैं, लेकिन इसमें 45 महिला बंदियों ने करवाचौथ का व्रत रखा था। जेल मैनुअल में करवाचौथ में कोई व्यवस्था करने का प्रावधान नहीं है, लेकिन इसके बाद भी जेल अधीक्षक ने एक संस्था के माध्यम से जेल में करवाचौथ की पूजा की प्रबंध कराया। संस्था की पदाधिकारी नीलू अग्रवाल और देविका मुखर्जी ने महिला बंदियों को पूजा सामग्री और कपड़े दिए, ताकि उनको पूजा में कोई दिक्कत न हो। साथ ही उन्होंने फल भी विति1रत किए।

तीस जीवनसाथी भी जेल में बंद

जेल में 45 महिलाओं ने व्रत रखा था, जिसमें तीस महिलाओं के पति भी जेल में बंद हैं। जेल में सुरक्षा के तहत रात को बैरक बंद कर दी जाती है। इसलिए दिन में ही इन महिलाओं की पति से मुलाकात करा दी गई। वहीं, कुछ महिला बंदियों के पति मुलाकात करने के लिए जेल आए थे। सात महिला बंदियों के पति मुलाकात करने नहीं आए। इन महिलाओं ने फोटो या ख्यालों में दीदार करके व्रत पूरा कर खाना खाया।

पति के कत्ल में दिया था साथ

इन 45 महिला बंदियों में दो महिलाओं ने दूसरे पति की लम्बी उम्र के लिए व्रत रखा था। इन दोनों महिलाओं पर पति की हत्या का आरोप है। दोनों महिलाओं ने पति का कत्ल तो नहीं किया है, लेकिन उन्होंने पति के कत्ल में प्रेमी का साथ दिया है। दोनों महिलाओं के प्रेमी भी जेल में हैं। दोनों महिला और उनके प्रेमियों की सेशन कोर्ट से बेल खारिज हो गई है। अब इन लोगों ने हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की है।

----------------------

व्रत रखने वाली को ही मार दिया

पीयूष श्यामदसानी के बारे में तो आप सब जानते हैं। उसने माशूका से शादी करने के लिए सुपारी देकर पत्नी की हत्या करवा दी। अब वो जेल की सलाखों के पीछे है। उसकी तरह जेल में दर्जनों कैदी हैं। जिन्होंने वो या फिर दहेज के लिए पत्नी का कत्ल कर दिया। अब इन कैदियों को करवाचौथ का दिन काटने को दौड़ रहा है। इसमें कई कैदियों को पछतावा है तो कुछ अभी सजा से बच जाने की उम्मीद लगाए जेल में समय काट रहे हैं।

Posted By: Inextlive