सर्दी बढ़ा रहीं ईरान की हवाएं

ईरान और अफगानिस्तान में बने पश्चिमी विक्षोप के कारण बने बारिश के आसार

सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, बाजारों में कम रही चहलपहल

18 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है शुक्रवार का तापमान

7 से 8 डिग्री के बीच रह सकता है शुक्रवार को न्यूनतम तापमान

23 एमएम तक बारिश के आज बन रहे हैं आसार

Meerut। सर्द हवाओं ने गुरूवार को सुबह से ही शहरवासियों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। बादलों और हल्की बूंदाबांदी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ईरान और अफगानिस्तान में पश्चिमी विक्षोप के कारण भारत में इसका असर देखने को मिला। आम दिनों की अपेक्षा तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भीषण सर्दी के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी से गुजरना पड़ा।

ईरान और अफगानिस्तान की हवाएं

मौसम वैज्ञानिक डॉ। ए.एन सुभाष ने बताया कि ईरान और अफगानिस्तान में पश्चिमी विक्षोप के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिला है। जिसका असर वेस्टर्न यूपी के मौसम में देखा गया। गुरूवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। साथ ही शीतलहर के कारण लोग ठिठुरते रहे।

गर्म कपड़ों का सहारा

सुबह से ही धूप न निकलने और सर्द हवाओं के कारण लोग भीषण सर्दी से जूझते नजर आए। शीतलहर के कारण सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे सर्दी से ठिठुरते हुए पहुंचे.यही नहीं शीतलहर के कारण लोगों ने अलाव का सहारा लिया।

14 तक बारिश के आसार

गुरूवार को सुबह से बादल छाए रहे तो देर शाम हुई बारिश ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया। गुरूवार को दिन में जहां हल्की बूंदाबांदी हुई तो वहीं शाम को तेज बारिश ने अचानक ही मौसम के मिजाज को बदल दिया। बारिश के कारण एक ओर जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई तो वहीं भीषण सर्दी के कारण लोग ठिठुरते नजर आए। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शुक्रवार को भी बारिश का अनुमान है। मौसम के बदलाव के कारण सर्दी का सितम बढ़ गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ। ए एन सुभाष ने बताया कि गुरूवार को 19 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और छह डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18 से 19 के बीच हो सकता है। साथ ही पश्चिमी विक्षोप के कारण शुक्रवार को भी बारिश के आसार बन रहे हैं। यही नहीं 14 दिसंबर तक बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है।

ओलावृष्टि की भी आशंका

मौसम वैज्ञानिक एएन सुभाष ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह नॉर्मल से छह डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से छह डिग्री अधिक था। शुक्रवार को भी गरज चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। यही नहीं मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो ओला पड़ने के भी आसार बन रहे हैं। अगले 24 घंटे में 13 से 23 मिमी बारिश की संभावना है।

Posted By: Inextlive