दीपावली पर अलर्ट रही निगम की टीमें, देर शाम तक नहीं साफ हो सकी सड़कें

रविवार को कर्मचारियों की छुट्टी के कारण जगह-जगह पसरी रही गंदगी, नगर निगम शहर के चौराहों पर बनाई रंगोली

Meerut। एक तरफ दीपावली पर स्वच्छता का दावा मगर दूसरी सड़कों पर लगे कूड़े के ढेरों ने नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी। हालांकि निगम ने डंपिंग ग्राउंड्स समेत शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों को साफ करने के लिए टीमें अलर्ट पर रखी थी। जिसके चलते कहीं चूना डलवाकर सब कुछ साफ दिखाने की कोशिश की गई तो कहीं जेसीबी लगाकर। मगर सड़कों पर लगे कूड़े ढेर ये बताने के लिए काफी थे कि सड़कों से कूड़ा उठा ही नहीं। वहीं दीपावली की रात को हुई आतिशबाजी से सड़कों पर फैला कूड़ा रविवार दिनभर सड़कों से नहीं उठा।

कूड़े पर डाला चूना

यूं तो दीपावली शहर के अधिकतर सभी डंपिंग ग्राउंड साफ कर उन पर चूना डाल दिया गया। कई जगह अस्थाई खत्तों को साफ कर उन पर टाइल्स और गमले लगा दिए गए। मगर दीपावली के अगले ही दिन सड़क किनारे और डस्टबिन में कूड़े का ढेर लगा मिला। हालांकि रविवार को डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन जारी रहा लेकिन शहर के अधिकतर बाजारों और मार्गो पर सफाई नही दिखी।

जेसीबी से सफाई

गौरतलब है कि शनिवार को निगम सफाई कर्मचारी काम में जुटे रहे लेकिन देर शाम तक सड़कों पर फैली गंदगी साफ नहीं हो सकी। हालांकि शहर में जगह-जगह लगे कूडे़ के ढेर को डं¨पग ग्राउंड तक पहुंचाने के लिए कई वार्डो में डंपर व जेसीबी मशीनों को लगाया गया। इतना ही नहीं, कूड़ा उठाने से पहले व कूड़ा उठाने के बाद की फोटो भी अधिकारियों ने मंगवाईं।

रविवार को भी फैली गंदगी

वहीं दीपावली के बाद रविवार को गोवर्धन पर्व के अवसर पर शहर में जगह-जगह सफाई न होने का सबसे बड़ा कारण सफाई कर्मचारियों का अवकाश रहा। अवकाश के कारण शहर की सफाई व्यवस्था दिनभर बाधित रही। आतिशबाजी से सड़कों पर फैला कूड़ा दिनभर सड़कों से नहीं उठा। हालांकि देर शाम को कुछ जगह से कूड़ा उठाया भी गया लेकिन बावजूद इसके दिनभर शहर में जगह-जगह अव्यवस्थाएं व गंदगी की स्थिति बनी रही।

चौराहों पर बनाई रंगोली

शहर में सफाई न हो पर दिखावा जरूरी है और इसमें नगर निगम का कोई जवाब नहीं। इस दीपावली शहर के लोगों को स्वच्छता के संदेश के साथ-साथ दीपावली की बधाई देने के लिए नगर निगम ने शहर के चौराहों को रंगोली के रंग से रंग दिया। नगर निगम शहर के चुनिंदा चौराहों को आकर्षक रंगोली से सजाया गया। इसमें निगम तिराहा, घंटाघर, बेगमपुल, बच्चा पार्क, ईव्ज चौराहा शामिल रहे। इन चौराहों पर बीचों बीच रंगोली और सड़क किनारे चूने की आउटलाइन बनाकर सजाया गया। इन रंगोली में शहर को स्वच्छ रखने के संदेश के साथ साथ दीपावली की बधाईयां दी गई।

निगम की टीम दीपावली पर दोपहर बाद तक अलर्ट रही जिसके तहत साफ सफाई और रंगोली बनाई गई। रविवार को भी सुपरवाइजर समेत सभी टीमें शहर में सफाई में जुूटी रह। मगर हो सकता है कि कुछ जगह सफाई न हो सकी हो।

ब्रजपाल सिंह, सहायक नगरायुक्त

Posted By: Inextlive