बर्थडे पार्टी में बिगड़ी बात तो होटल में आकर उठाया आत्मघाती कदम सारनाथ स्थित होटल के कमरा-105 में पंखे से लटका मिला शव होटल के फुटेज व शूटिंग में आकांक्षा के साथ काम करने वालों से पूछताछ

वाराणसी (ब्यूरो)सारनाथ स्थित होटल के कमरा नंबर-105 में भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे का पंखे से लटकता शव मिलने से सनसनी फैल गई। शनिवार रात महमूरगंज में किसी खास के यहां बर्थडे पार्टी में गई थी। पार्टी के दौरान किसी से बात बिगड़ गई और देर रात करीब डेढ़ बजे ओला की टैक्सी बुक करके वापस होटल आ गई। अपने केयर टेकर से चॉबी लेकर कर कमरे में चली गई। थोड़ी देर में ही इंस्टाग्राम पर लाइव हो गई थी। चेहरे पर जबर्दस्त उदासी थी। आंखों में आंसू भरे थे। किसी बात को लेकर वह काफी अपसेट थी। कई बार रूम में इधर-उधर टहली भी। इस दौरान मोबाइल पर कई बार रिंग भी आई, लेकिन रिसीव नहीं किया। लाइव बंद होने के बाद भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने सुसाइड कर लिया। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रथमदृष्टया पुलिस इसे सुसाइड ही मान रही है। बावजूद इसके विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है, जिसमें आकांक्षा दुबे किसके यहां पार्टी में गई थी। किसके उकसाने पर उसने सुसाइड किया, जो प्रमुख है.

भोजपुरी एक्टर समर सिंह की तलाश

भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में कमिश्नरेट पुलिस भोजपुरी एक्टर व सिंगर समर सिंह की तलाश कर रही है। टकटकपुर स्थित किसी फ्लैट में आकांक्षा दुबे लंबे समय से समर सिंह के साथ लिविंग रिलेशन में रहती थी। दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। कई बार समर सिंह ने आकांक्षा पर हाथ भी छोड़ा है। मोबाइल की कॉल डिटेल, व्हाट्सअप पर बातचीत और कॉल रिकार्डिंग से मिली जानकारी के अनुसार समर सिंह पर शक है। इस बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने समर सिंह की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी। साथ ही मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

भदोही की रहने वाली थी

भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे मूल रूप से भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के परसीपुर गांव की रहने वाली थीं। उनका परिवार काफी समय से महाराष्ट्र में रहता है। आकांक्षा दुबे भोजपुरी की जानी मानी एक्ट्रेस थीं। भदोही में 1996 में जन्मी आकांक्षा ने अपने करियर की शुरुआत टिकटॉक और इंस्टाग्राम से शॉर्ट वीडियो से की थी। इसके बाद भोजपुरी फिल्मों में लोकप्रियता पाई। अभिनेत्री ने 2019 में फिल्म मेरी जंग मेरा फैसला से डेब्यू किया था। इस फिल्म में उन्होंने कैमियो किया था, लेकिन छोटे से रोल में उनको ऑडियंस को काफी प्रभावित किया था। इसके बाद वीरों के वीर, मुझसे शादी करोगी और कसम पैदा करने वाले की नाम की फिल्मों में काम किया था। इसके अलावा कई एल्बम वीडियो भी काम किया था.

आईपीएस बनाना चाहते थे पिता

आकांक्षा दुबे 3 साल की उम्र में पेरेंट्स के साथ मुंबई शिफ्ट हुई थीं। उनके पेरेंट्स उन्हें आईपीएस अफसर बनाना चाहते थे, लेकिन उनका मन डांस और एक्टिंग लगाता था। इसलिए उन्होंने परिजनों को किसी तरह से राजी किया और फिल्मी दुनिया में आ गईं। चर्चा है कि भोजपुरी इंडस्ट्री के एक प्रसिद्ध गायक का अफेयर था। मगर कुछ दिन पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद से आकांक्षा परेशान रहती थीं। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है.

पवन सिंह के साथ गाना रिलीज

सुसाइड के कुछ घंटे बाद ही एक्ट्रेस का आखिरी गाना रिलीज हुआ। गाने का टाइटल है ये आरा कभी हारा नहीं। गाने के वीडियो को भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह और आकांक्षा पर फिल्माया गया है। गाने के बोल जावेद अख्तर और इमामुद्दीन के हैं और म्यूजिक प्रियांशु सिंह ने दिया है.

सुसाइड से पहले इंस्टाग्राम पर लाइव

सुसाइड से पहले इंस्टाग्राम पर लाइव अभिनेत्री फूट-फूटकर रोते हुए नजर आई थीं। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया था। इसमें उन्होंने भोजपुरी सॉन्ग हिलोर मारे पर शीशे के सामने बेली डांस किया था। अभिनेत्री ने कुछ दिन पहले वैलेंटाइन डे पर अपना रिलेशनशिप ऑफिशियल किया था। उन्होंने अपने को-स्टार समर सिंह के साथ फोटो पोस्ट करते हुए हैप्पी वैलेंटाइन्स डे लिखा था.

प्यार में धोखा मिलने से परेशान

सुसाइड के बाद आकांक्षा का एक पुराना पोस्ट वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने फोटो पोस्ट करते हुए लिखा था, मोहब्बत तो तुझसे थी, लेकिन तेरी मोहब्बत ने जोर से खींच के तमाचा मार ही दिया मुझे। उनकी फोटोज पर यूजर्स ने कमेंट्स भी किया था कि आखिर किसने उन्हें धोखा दे दिया। सुसाइड की जानकारी होते ही आकांक्षा के फैंस की ओर से सोशल मीडिया पर कमेंट शुरू हो गया.

चार दिन पहले आकर रुकी थी

एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि होटल सोमेंद्र के रूम नंबर-105 में रविवार सुबह एक महिला के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। जानकारी पर पता चला कि भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे आकर रुकी थी। वह शूटिंग के सिलसिले में बनारस आई थी। 22 मार्च की रात होटल में आकर रुकी थीं। उनके परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। रविवार सुबह मेकअप मैन ने आकांक्षा दूबे को फोन किया। फोन न उठाने पर मेकअप मैन होटल पहुंचा। जहां दरवाजा बंद था। होटलकर्मियों ने मेकअप मैन से आकांक्षा के सुबह से नाश्ते के लिए ऑर्डर न देने की जानकारी दी। इसके बाद होटलकर्मियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई रिस्पॉन्स नहीं आया, तो पुलिस को बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में मास्टर चाबी से मैनेजर ने दरवाजा खोला। इसके बाद उनका शव पंखे से लटका था।

प्रथमदृष्टया सुसाइड ही है, लेकिन आकांक्षा दुबे ने किसके उकसाने पर सुसाइड किया। शनिवार रात महमूरगंज में किसके घर बर्थडे पार्टी में गई थीं, वहां कौन-कौन था। घटना की जानकारी होने के बावजूद लिविंग रिलेशन में रहने वाले समर सिंह अभी तक सामने नहीं आए। इसके अलावा तमाम पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है.

संतोष सिंह, एडिशनल सीपी

Posted By: Inextlive