बारिश न होने से आमजन परेशान अगले तीन दिन तक बारिश के आसार नहीं सुबह से खिली कड़ी धूप ने लोगों को परेशान कर दिया है

वाराणसी (ब्यूरो)सावन का माह समाप्त होने के साथ सितंबर की शुरुआत हो गई है, लेकिन मौसम की तल्खी जारी है। सुबह से खिली कड़ी धूप ने लोगों को परेशान कर दिया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान था कि दिन चढऩे के साथ धूप की तल्खी और बढ़ेगी, हुआ भी ऐसा ही। दिन के 11 बजते ही चिलचिलाती धूप ने ऐसा असर दिखाया कि लोग झुलसने लगे। रोज की तुलना में शुक्रवार की धूप सबसे तेज देखी गई। ऐसा लग रहा था जैसे यह महीना सितंबर नहीं मई-जून का हो। इसके साथ ही उमस भरी गर्मी लोगों को सताती रही.

अगले तीन दिन तक ऐसा रहेगा मौसम

वाराणसी ही नहीं आसपास के जिलों में भादो की शुरुआत में ही गर्मी अपना रंग दिखा रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट के अनुसार शुक्रवार को वाराणसी में मौसम साफ रहेगा। आसमान में छिटपुट बादल दिखेंगे। पूरे दिन लोगों को सूर्य की तपिश झेलनी पड़ेगी। अनुमान है कि इस बीच अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही वेबसाइट ने यह भी दर्शाया कि शनिवार को आसमान पर थोड़े बादल छाये रहेंगे। आगे भी तीन से चार दिन दिन तक ऐसा ही मौसम का हाल रहेगा.

4 सितंबर से बदलेगा मौसम

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो। मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक वाराणसी में अभी 2-3 दिन मौसम यूं ही बना रहेगा। उसके बाद 4 सितंबर से आसमान में बादलों की आवाजाही बनेगी। इस दौरान बारिश होने की भी संभावना है। बारिश के बाद तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। बता दें कि गुरुवार को पूरे दिन धूप खिली रही। धूप की तपिश के कारण परेशान दिखे। इस दौरान अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा.

जलस्तर में गिरावट

गंगा के जलस्तर में अब गिरावट आने लगी है। जलस्तर एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से घट रहा है। शुक्रवार को केंद्रीय जल आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जलस्तर 65.07 मीटर रिकार्ड किया गया। गंगा में चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर और खतरे का बिंदु 71.262 मीटर है। ऐसे में जलस्तर चेतावनी बिंदु से लगभग पांच मीटर नीचे है.

Posted By: Inextlive